कई दिनों बाद रविवार को शहर में बादल छाए मगर कुछ ही जगहों पर बारिश हुई जबकि कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। उसके बाद उमस से लोग परेशान हो गए। मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि रविवार को चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश हुई थी, जबकि कुछ हिस्से सूखे ही रहे।
चंडीगढ़ में 0.5 एमएम मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि एयरपोर्ट इलाके में चार एमएम बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। सोमवार को भी बारिश होने की पूरी संभावना बनी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।
जबकि न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया। जबकि हवा में नमी की मात्रा अधिकतम 87 फीसदी व न्यूनतम मात्रा 73 फीसदी रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि 11 अगस्त तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 26 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जाएगा। चंडीगढ़ में अब तक 17 फीसदी बारिश की कमी बनी हुई है।