अलग-अलग मानकों पर खरा उतरने के बाद ही स्वयंसेवकों को वैक्सीन की खुराक दी जा रही है। सभी स्वयंसेवकों को मानव परीक्षण के दौरान शुरू के 28 दिन के बाद पुन: वैक्सीन की दूसरी खुराक दी जाएगी। इसके 27 दिन बाद उनके खून का नमूना लेकर उसकी जांच कर परीक्षण की प्रगति रिपोर्ट देखी जाएगी।
विभिन्न सेक्टरों के कई घर कंटेनमेंट जोन से बाहर
चंडीगढ़ प्रशासन ने शुक्रवार को विभिन्न सेक्टरों में बनाए 10 स्थानों को कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर कर दिया है। एसडीएम सुधांशु गौतम और एसडीएम सतीश कुमार जैन की तरफ से आदेश जारी कर इन इलाकों में लागू की गई सख्ती को हटा दिया गया है।
शुक्रवार को जिन इलाकों से प्रतिबंध हटाने के आदेश जारी किए गए, उनमें सेक्टर-27 के कई घर, इंदिरा कालोनी के मकान नंबर 1378 से 1389, सेक्टर-20 के 2359 से 2368, सेक्टर-21 के 100 से 109 और 137, सेक्टर-21 के 1056 से 1063, सेक्टर-32 के 475 से 480, सेक्टर-46 के 4165 से 4174 और 4103 से 4107, सेक्टर-41 के मकान नंबर 1057 से 1066 और सेक्टर-35 के मकान नंबर 3437 से 3443 शामिल हैं।
पिछले कुछ दिनों से यहां कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। इसके बाद ही इन घरों को आजाद करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, इन्हें सामाजिक दूरी और मास्क लगाने की शर्तों को पूरा करना होगा। जारी आदेश में कहा गया है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम इलाके में लगातार स्क्रीनिंग व मॉनिटरिंग करती रहेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
कोरोना से जिले में शुक्रवार को एक और मौत हो गई। अब कोरोना से मौत का आंकड़ा 87 तक पहुंच गया है। शुक्रवार को कोरोना टेस्ट के दौरान 88 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसमें पंचकूला के 45 हैं। कोरोना संक्रमण से सेक्टर-11 के रहने वाले एक 77 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। इसकी पुष्टि पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने की है।
डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि अमरावती एनक्लेव, भोज कुटी, खड़क मंगोली, एमडीसी सेक्टर 4, नानकपुर, रामगढ़, तिप्रा, सेक्टर 4, 12, 19, 20, 21, व 25 में एक-एक मामले पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा सेक्टर 8, 10व 15 में दो-दो, नग्गल, सेक्टर 2 व 11 में 3-3, कालका, सेक्टर 9 व 16 में चार-चार, पिंजौर में पांच मामले पॉजिटिव मिले हैं।
मोहाली में कोरोना से दो की मौत, 210 संक्रमित मिले
मोहाली में 24 घंटे में कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, 210 नए लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। जबकि 157 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि अब जिले में मौतों का आंकड़ा 199 पर पहुंच गया है। जबकि कोरोना मरीजों की कुल संख्या 10745 है। इनमें से 8781 लोग ठीक हो चुके हैं और अभी 1765 मामले सक्रिय हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह कोरोना गाइडलाइन का पालन करें, ताकि इस महामारी को मात दी जा सके।
जिले में शुक्रवार को कोरोना से जो दो लोगों की मौत हुई है, उनमें मोहाली की एक 75 वर्षीय महिला शामिल है, वह मधुमेह से पीड़ित थी और ज्ञान सागर अस्पताल में भर्ती थी। गांव खानपुर निवासी 48 वर्षीय पुरुष की मोहाली के एक निजी अस्पताल में मौत हुई है। वहीं, नए कोरोना संक्रमितों में 3 मरीज बनूड़ में, 3 डेराबस्सी में, 7 खरड़ में, एक लालड़ू में, 186 मरीज मोहाली में, 2 घडुआं में, 5 ढकौली और आसपास से सामने आए हैं।