चंडीगढ़। कोरोना का कहर दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। शनिवार चंडीगढ़ में कोरोना से जहां तीन लोगों ने दम तोड़ दिया, वहीं ट्राइसिटी में 114 नए मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। नए संक्रमितों में आईटीबीपी के पांच और जवानों समेत पंचकूला के 42, मोहाली के 44 और चंडीगढ़ के 28 मरीज शामिल हैं। कोरोना के बढ़ते मामले और लगातार हो रहीं मौतों से प्रशासनिक अफसरों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी चिंतित हैं।
चंडीगढ़ में तीन और मौतों के बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 18 हो गई हैं। इससे पहले शुक्रवार को कजहेड़ी निवासी महिला में मौत के बाद कोरोना की पुष्टि हुई थी। दो दिनों में चार लोगों की मौतों से चंडीगढ़ में हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान किशनगढ़ निवासी 55 वर्षीय महिला, सेक्टर-37 निवासी 75 वर्षीय वृद्धा और सेक्टर-45 निवासी 96 साल के वृद्ध के तौर पर हुई है। किशनगढ़ निवासी 55 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत 31 जुलाई को सेक्टर-48 के हास्पिटल में हुई थी, वह शुगर की मरीज थीं और पिछले 5 दिनों से उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। सेक्टर-37 निवासी 75 वर्षीय वृद्धा की भी मौत 31 जुलाई को मोहाली स्थित आईबीवाई हास्पिटल में हुई। उन्हें 25 जुलाई को वहां एडमिट कराया गया था। 27 जुलाई से उनको सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। 30 जुलाई को उनकी कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वृद्धा हाइपरटेंशन, शुगर और सांस से जुड़ी बीमारी से ग्रस्त थीं। वहीं, सेक्टर-45 निवासी 96 साल के वृद्ध की मौत 30 जुलाई को जीएमसीएच-32 में मौत हुई थी। मौत के बाद 31 जुलाई को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बुजुर्ग को डेढ़ साल पहले लकवा का अटैक आया था। तब से वह बीमार चल रहे थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आए परिवार के चार सदस्यों का जांच का नमूना लिया गया है।
पीजीआई कैंपस में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत 28 संक्रमित
शहर में शनिवार को मिले कोरोना के 28 मरीजों में सेक्टर-40 निवासी एक ही परिवार की 35 वर्षीय महिला, 30 वर्षीय पुरुष और 32 वर्षीय पुरुष के अलावा सेक्टर-18 का 58 वर्षीय पुरुष, सेक्टर-39 का 11 साल का बच्चा, सेक्टर-55 की 33 वर्षीय महिला शामिल हैं। इनके अलावा सेक्टर-39 के एक ही परिवार के 47 व 22 साल के दो पुरुष और सेक्टर-55 के एक ही परिवार के 37 साल के पुरुष व 33 साल की महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं पीजीआई कैंपस में रह रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों क्रमश: 39 साल का पुरुष, 6 साल का बच्चा व 13 साल की किशोरी के साथ ही सेक्टर 26 के 25 साल के युवक, सेक्टर 26 के ही 42 साल के पुरुष ,सेक्टर 37 के 75 साल की वृद्धा, सेक्टर 45 के 96 साल के वृद्ध, बापूधाम के 63 साल के दो वृद्ध, जीएमसीएच 32 में कार्यरत 26 साल का पुरुष, सेक्टर 51 के 37 साल की महिला, सेक्टर 26 का 36 साल का पुरुष, सेक्टर 15 का 33 साल का पुरुष, रायपुर खुर्द का 55 साल का पुरुष , सेक्टर 37 का 47 साल का पुरुष, सेक्टर 50 के एक ही परिवार के 29 साल के पुरुष व 55 साल की महिला और सेक्टर 40 में 45 साल के पुरुष में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज और होम आइसोलेशन में रखे गए 16 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।