चंडीगढ़/मोहाली/पंचकूला। ट्राइसिटी में कोरोना ने खतरनाक रूप ले लिया है। रविवार को 11 संक्रमितों की मौत के साथ 511 नए मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। ट्राइसिटी में एक दिन में कोरोना से हुई मौतों और नए मरीजों के मिलने के ये अब तक के सबसे बड़े आंकड़े हैं। मृतकों में अकेले चंडीगढ़ के सात, मोहाली के दो मरीज शामिल हैं। इनके अलावा पंचकूला में दो संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें से एक अंबाला जबकि दूसरा हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था। वहीं, नए मरीजों में अकेले मोहाली के 240, चंडीगढ़ के 170 और पंचकूला के 101 संक्रमित शामिल हैं। कोरोना की भयावह स्थिति ने प्रशासनिक अमले से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक को चिंता में डाल दिया है।
चंडीगढ़ के मृतकों में सेक्टर-30 निवासी 52 वर्षीय महिला भी शामिल हैं, वह कई रोगों से ग्रसित थीं। वहीं, फैदा निवासी-43 वर्षीय महिला, मनीमाजरा निवासी 45 वर्षीय पुरुष, हल्लोमाजरा निवासी 9 साल की बच्ची, सेक्टर-43 निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग, सेक्टर-20 निवासी 81 वर्षीय वृद्धा व रायपुरा कलां निवासी 20 साल के युवक की कोरोना से मौत हो गई। इनमें से बुजुर्ग मरीज किसी न किसी दूसरी बीमारी से पीड़ित थे।
वहीं, नए संक्रमितों में पीजीआई कैंपस के छह कर्मचारी भी शामिल हैं। रविवार को सर्वाधिक सात केस सेक्टर-40 में आए हैं। इनके अलावा सेक्टर दो, तीन, आठ, दस, 11, 14, 15, 16, 18, 20, 22 में भी केस मिले हैं। सेक्टर सेक्टर 24 से लेकर सेक्टर 27 तक व सेक्टर 29 में भी केस आए हैं। सेक्टर 32, 35, 38, 39, 41, 42, 44, 47, 48, 50, 51 52, 56 में भी कोरोना के रोगी मिले हैं। बहलाना, फैदां, हल्लोमाजरा, खुड्डाअलीशेर, खुड्डा लाहौरा, किशनगढ़, मनीमाजरा, पीजीआई कैंपस, रायपुर कलां, धनास, मौलीजागरां, रामदरबार आदि में भी केस मिले हैं। वहीं, ठीक होने पर 48 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।
उधर, मोहाली में रविवार को 240 लोग संक्रमित मिले, जो अब तक एक दिन में जिले में मिले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। वहीं, दो लोगों की कोरोना से जान गई है और इस दौरान 105 मरीज ठीक होकर अपने घर पहुंचे हैं।अब जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या 3666 पहुंच गई है और 1966 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा अभी एक्टिव केस 1627 हैं और 73 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को जिन दो लोगों की कोरोना से मौत हुई है उनमें गांव भागोमाजरा की 40 वर्षीय महिला शामिल है जो कि पीजीआई में लीवर, शुगर और हाइपरटेंशन की बीमारी का इलाज करवा रही थी जबकि बलटाना निवासी 55 वर्षीय महिला की मौत पटियाला अस्पताल में हुई है। वहीं, नए मरीजों में मोहाली व आसपास के एरिया में 92 लोग, खरड़ के आसपास के एरिया में 31, ब्लॉक घडुआं में 56, कुराली में 2, ढकोली में 46 केस, डेराबस्सी में 5 और लालड़ू में 10 लोग संक्रमित हुए हैं। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने लोगों को हिदायत दी है कि कोरोना गाइड लाइन का पालन जरूर करें।