चंडीगढ़। ट्राइसिटी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। वीरवार को 26 नए संक्रमित मिले, जिनमें चंडीगढ़ के 16, मोहाली के 9 और पंचकूला का एक मरीज शामिल है। वहीं, पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती रोपड़ के एक मरीज में इलाज के दौरान कोरोना की पुष्टि होने से हड़कंप मच गया। इसके बाद मरीज के संपर्क में आए ट्रॉमा सेंटर के 20 हेल्थ वर्कर्स और 4 नर्सिंग ऑफिसर्स को हाई रिस्क में रखते हुए तत्काल क्वारंटीन कर दिया गया।
पीजीआई प्रवक्ता डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि रोपड़ के 70 साल के एक मरीज को 6 जुलाई को बेहद गंभीर स्थिति में पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया था। मरीज को न्यूरो संबंधी समस्या थी, जिसका इलाज किया जा रहा था। इसके बाद उसे इमरजेंसी के वार्ड नंबर 3 में शिफ्ट कर दिया गया। वीरवार सुबह उसमें कोरोना के लक्षण दिखने पर उसका टेस्ट कराया गया। शाम 4 बजे आई रिपोर्ट में मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल की आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं, उसके संपर्क में आए ट्रॉमा सेंटर और वार्ड के 20 हेल्थ वर्कर्स और चार नर्सिंग ऑफिसर्स को हाई रिस्क में रखते हुए उन्हें तत्काल क्वारंटीन कर दिया गया है। 7 दिन के अंदर अगर उनमें कोरोना के लक्षण दिखाई दिए तो उनका कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।
वहीं, चंडीगढ़ में वीरवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से मिले 16 नए मरीजों में सेक्टर-55 में 65 वर्षीय पुरुष और 31 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद परिवार के चार सदस्यों के सैंपल लिए गए। इनके अलावा सेक्टर-38 में 59 साल, 40 साल और 30 साल की महिला के साथ 14 साल के बच्चे में कोरोना की पुष्टि हुई। यह चारों अपने ही परिवार में संक्रमित सदस्य के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुए हैं। उधर, सेक्टर-51 में 80 साल की महिला अपने परिवार में संक्रमित सदस्य के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुई है। वहीं सेक्टर-45 में 31 साल का युवक और 28 साल की युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके परिवार के 6 सदस्य एसिम्टोमैटिक पाए गए हैं। सेक्टर-40 में 11 साल की बच्ची में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, मनीमाजरा में 8 माह की बच्ची समेत 32 साल की महिला और 17 साल की किशोरी में कोरोना की पुष्टि हुई है।
यह भी एक ही परिवार के सदस्य हैं और परिवार में ही संक्रमित हुए हैं। इनके अलवा सेक्टर-52 में 32 साल के पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके परिवार के चार सदस्यों का जांच का नमूना लिया गया है। सेक्टर-19 में भी 45 साल के पुरुष में कोरोना की पुष्टि हुई है, जो मोहाली के संक्रमित परिवार के संपर्क में आया था। वहीं, सेक्टर-27 में 37 साल के पुरुष में कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसके परिवार के तीन सदस्यों का जांच का नमूना लिया गया है। दूसरी तरफ मलोया की 42 साल की कोरोना पॉजिटिव महिला को धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज से डिस्चार्ज कर सूद धर्मशाला में क्वारंटीन किया गया है। इन 16 मरीजों के मिलने के बाद शहर में कोरोना के मामलों की संख्या 523 हो गई है, जबकि अभी 53 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।