जरूरतमंदों की भूख मिटाने के लिए सेक्टर 29 स्थित सिद्ध श्री बाबा बालक नाथ मंदिर कमेटी ने अपनी पांच लाख रुपए की एफडी तुड़वा दी है। मंदिर में हर रोज पंद्रह सौ लोगों के लिए लंगर बनाया जा रहा है। लंगर बनाकर उसे प्रशासन के अधिकारियों को सौंपा जाता है। प्रशासन के कर्मचारी उसे जरूरतमंदों के बीच जाकर वितरण करते हैं। मंदिर की ओर से हर रोज नए प्रकार के खाना तैयार हो रहा है। कभी पूरी सब्जी तो कभी दाल और चावल। सब्जियों को भी हर रोज बदला जाता है ताकि खानेवालों को भी अच्छा लगे।
लोगों की मदद को आगे आएं मंदिर कमेटियां
श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर के प्रधान विनोद कुमार चड्ढा ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण पूरे देश में लॉकडाउन है। बड़ी संख्या में मजदूरों को काम नहीं है। उनके पास पैसे भी खत्म हो गए हैं। उनके घरों में खाने के लिए कुछ भी नहीं है। ऐसे में मंदिर कमेटियों को आगे आना ही चाहिए। इसीलिए मंदिर कमेटी ने फैसला लिया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण मंदिर के मेन गेट बंद हैं। मंदिर में कोई भक्त नहीं आ रहे हैं। ऐसे में दानपात्र भी खाली हैं।
शुक्रवार को लंगर का 22वां दिन
प्रधान विनोद कुमार चड्ढा ने कहा कि मंदिर कमेटी की ओर से लंगर बनाए जाने का शुक्रवार को 22वां दिन है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान हिंदू पर्व महसभा की ओर से जरूरतमंदों के लिए लंगर उनके मंदिर में ही बनाया जा रहा था। महासभा का भी बाइस दिन तक लंगर चला। उन्होंने बताया कि हिंदू पर्व महासभा के लंगर के लिए ढाई लाख रुपये मंदिर कमेटी का खर्च हुआ।