चंडीगढ़। पीयू में कोरोना केस आने के बाद तीसरे दिन भी हड़कंप मचा रहा। पूरे परिसर में सन्नाटा छाया हुआ है। कोई भी व्यक्ति दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा है। पीड़ित महिला कहां-कहां गई थी, उस कोरोना चेन को पकड़ने में अफसर जुटे रहे। अधिकारियों ने घरों पर रहकर ही काम किया।
दो दिन पहले पीयू में अरुणा चंद्रा हाल की एक महिला कर्मी में कोरोना पॉजिटिव मिला। इसके बाद हड़कंप मच गया था। 40 से अधिक लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया। महिला एडमिन ब्लॉक भी आई थीं। कहां-कहां गई थीं, यह पता नहीं चल पा रहा है। इसकी कड़ियां ढूंढी जा रही हैं। हालांकि जिन लोगों को पता था कि महिला कर्मी उनके संपर्क में आई थी तो वह खुद ही घरों में क्वारंटीन हो गए।
कुछ को पता लगाया जा रहा है। महिला कर्मी ने भी कुछ जगह बताई हैं जहां-जहां वह गई हैं। कुछ अधिकारियों से मिलने की भी खबर है। ऐसे में अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि पीयू में सभी लोग स्वस्थ हैं। उसकी मॉनीटरिंग भी अधिकारी कर रहे हैं।