चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी ने कोरोना के प्रसार को देखते हुए कैंपस में रह रहे विद्यार्थियों को घर जाने के लिए कह दिया है। कई विद्यार्थी अपने घर भी चले गए। वहीं सभी प्रकार की पढ़ाई को ऑनलाइन कर दिया गया। पेक ने घोषणा कर दी कि महामारी के चलते ऑनलाइन पढ़ाई बेहतर हो, इसके लिए दो हाईटेक स्टूडियो बनाए जाएंगे ताकि शिक्षक कैंपस में उनका प्रयोग करके पढ़ाई करवा सकें।
पेक ने शोधार्थियों के अलावा एमटेक के विद्यार्थियों को कैंपस बुलाया था। कुछ विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑफलाइन चल रही थी। यूटी प्रशासन ने वीरवार को समीक्षा करके कोरोना की स्थिति खराब बताई और नए दिशानिर्देश जारी करते हुए शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से करवाने को कहा है। इसी को देखते हुए पेक ने आदेश जारी कर दिए। इस पर अब विद्यार्थी अपने घरों को जा रहे हैं।
पेक निदेशक प्रो. बलदेव सेतिया का कहना है कि ऑनलाइन पढ़ाई के लिए दो स्टूडियो कैंपस में बनाने जा रहे हैं। इनके जरिए शिक्षक बेहतर ढंग से ज्ञान बांट सकेंगे और छात्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।
पीयू में भी ऑनलाइन ही होगी पढ़ाई
पंजाब विश्वविद्यालय में भी पढ़ाई ऑनलाइन ही होगी, क्योंकि यूटी प्रशासन ने ऑनलाइन पढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों को घर भेजा जाएगा या यहीं रहेंगे, इसके लिए आदेश जारी नहीं हुए हैं। हालांकि छात्रावासों में रह रहे छात्रों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें कहा गया है कि वे कोविड दिशानिर्देशों का पूरा पालन करें और लापरवाही न बरती जाए। अन्य शिक्षण संस्थानों में भी पढ़ाई ऑनलाइन ही चलेगी। परीक्षाएं कब होंगी, इसके लिए पीयू कार्यक्रम निर्धारित करेगी। क्योंकि शिक्षकों की हड़ताल अभी जारी है। जैसे ही हड़ताल खत्म होगी, उसके बाद ही कुछ परीक्षा कार्यक्रम तय हो पाएगा। माना जा रहा है कि इस माह के आखिरी सप्ताह में परीक्षाएं शुरू हो सकती हैं। इसके अलावा एसी जोशी लाइब्रेरी अब सुबह 5.30 से रात 9.30 बजे तक खुली रहेगी।