चंडीगढ़। पीजीआई में चार साल बाद वीरवार को 36वां दीक्षांत समारोह होने जा रहा है। बुधवार सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर लगभग डेढ़ बजे तक दीक्षांत समारोह की रिहर्सल हुई। पीजीआई के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने डॉक्टरों के साथ सेल्फी लेकर इन खास लम्हों को डॉक्टरों के लिए यादगार बनाया और उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। दीक्षांत समारोह में 1775 डॉक्टरों को डिग्री भेंट की जाएगी। वहीं, 20 मेधावियों को स्वर्ण पदक और 218 पूर्व छात्रों को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार मुख्यातिथि होंगी। वहीं, पीजीआई के पूर्व निदेशक प्रो. केके तलवार सम्मानित अतिथि रहेंगे।
दीक्षांत समारोह की रिहर्सल में एमडी, एमएस, डीएम, एमसीएच और पीएचडी के उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों की रिहर्सल के बाद उपस्थिति दर्ज की गई और उन्हें वीरवार के लिए दीक्षांत समारोह की ड्रेस सौंपी गई। दीक्षांत समारोह का आयोजन भार्गव ऑडिटोरियम में करवाया जाएगा। इस दौरान बुधवार को डॉक्टरों को डिग्री लेने के क्रम का अभ्यास करवाया गया। मुख्य कार्यक्रम में वीरवार को भार्गव ऑडिटोरियम में सिर्फ वीवीआईपी, वीआईपी, मीडिया, पीजीआई डॉक्टर व स्टाफ और शहर के प्रमुख अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। डिग्रीधारकों के बैठने और कार्यक्रम देखने के लिए संस्थान में अलग-अलग जगह वेन्यू बनाए गए हैं, जहां पर डिग्रीधारकों के साथ अभिभावकों के लिए भी 18 बाय 10 इंच की स्क्रीन लगाई गई है।