फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरु नानक देव पर कैबिनेट मंत्री की टिप्पणी का वीडियो वायरल होने से पंजाब में विवाद, संगत भड़की

Mon, 30 Dec 2019 11:56 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमृतसर/बटाला
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा का गुरु नानक देव जी पर टिप्पणी करने वाला वीडियो सामने आने के बाद पंजाब में विवाद बढ़ गया है। वीडियो करीब दो साल पहले दिल्ली में एक फोटो प्रदर्शन के दौरान का बताया जा रहा है। टीवी चैनलों पर इस वीडियो को दिन भर प्रसारित किया गया।
विज्ञापन


वीडियो के मुताबिक, मंत्री रंधावा ने गुरु नानक देव की एक तस्वीर देखकर कहा कि हुण आ देखो ना गुरु नानक साहिब आ ए फौजी बणा दित्ता आ... दूरो देखो तां कैप्टन साहिब नहीं लगदे। यह कहते ही वह जोर-जोर से हंसने लगते हैं।  इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश में सियासी माहौल बिगड़ गया। विपक्ष ने इसे सिख कौम का अपमान बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजेमेंट कमेटी (डीएसजीएमसी) के प्रधान मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी श्री अकाल तख्त के जत्थेदार साहिबान से अपील की है कि पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का मजाक उड़ाकर उनकी तुलना पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से करना नामाफी योग्य अपराध है। इसके लिए कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन


पूरा मामला जानने के बाद एसजीपीसी ने भी कड़ा नोटिस लिया। एसजीपीसी के सीनियर उपाध्यक्ष राजिंदर सिंह मेहता ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह से अपील की कि रंधावा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मेहता ने कहा कि रंधावा ने गुरु साहिब की तौहीन कर छोटी मानसिकता का परिचय दिया है। उनकी इस हरकत के कारण सिख भावनाएं आहत हुई हैं। उनका सामाजिक बायकॉट किया जाना चाहिए। ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदार पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।

मंत्री ने चैनल, उसके तीन कर्मियों के खिलाफ एसएसपी को शिकायत दी

जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के वायरल वीडियो के मामले से सियासी माहौल गर्मा गया है। रंधावा ने रविवार को एसएसपी बटाला के पास एक चैनल और उसके तीन कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इस वीडियो को एडिट कर गलत तरीके से पेश किया गया है। इसके अलावा वे जल्द ही 100 करोड़ की मानहानि का केस भी करेंगे।

रंधावा ने बताया कि शनिवार को वह होशियारपुर में थे। उस समय किसी का फोन आया कि एक चैनल पर उनका वायरल वीडियो दिखाया जा रहा है। जेल मंत्री ने कहा कि इस वीडियो को गलत तरीके से पेश करके उन्हें राजनीतिक तौर पर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। इस वीडियो के प्रसारण को लेकर किसी ने भी उनका पक्ष जानने की कोशिश नहीं की।

उन्होंने उस चैनल के तीन लोगों और कुछ अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है, ताकि इस वीडियो की जो एडीटिंग की गई है, उसकी जांच की जा सके।

 सुखजिंदर सिंह रंधावा ने एक चैनल पर चल रहे वीडियो की असलियत जानने के लिए शिकायत दर्ज करवाई है। रंधावा की ओर से यह शिकायत एक चैनल के खिलाफ भी की गई है जिसे रिसीव कर लिया गया है। इस वीडियो को स्टेट साइबर क्राइम सेल को भेजा जाएगा।
- उपिंदरजीत सिंह घुम्मन, एसएसपी, बटाला 
विज्ञापन

मुझे उम्मीद थी कि इस मामले में खुद सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह कोई कार्रवाई करेंगे या फिर कांग्रेस का विधायक या मंत्री इस पर कुछ बोलेगा। सभी लोग चुप्पी साधे बैठे हैं। सीएम को चाहिए कि पहले इस मामले में मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएं। उन्हें कैबिनेट से बाहर निकाले इसके बाद हाईकोर्ट के जज से जांच करवाई जाए। आरोपी मंत्री अब सफाई देने की जगह मीडिया को धमका रहे हैं। वीडियो में उनकी लिप मूवमेंट को देखकर हर कोई अंदाजा लगा सकता है कि क्या झूठ है।
- दलजीत चीमा, शिअद प्रवक्ता

यह मामला सीधा बेअदबी और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। इसके बाद भी अगर कांग्रेस मंत्री का बचाव करती है तो साफ हो जाएगा कि गुरु साहिब से उन्हें कितना प्यार है। मंत्री रंधावा ने यह कोई पहली बार नहीं किया। इससे पहले भी वह कई बार ऐसा कर चुके हैं।
- बिक्रम सिंह मजीठिया, सीनियर अकाली नेता
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें