हरियाणा की खेल नीति और कॉमनवेल्थ गेम्स की इनामी राशि काटने पर शुरू हुआ बवाल कम होता नहीं दिख रहा है। खिलाड़ियों ने मंत्री विज को घेरते हुए करारा जवाब दिया। क्योंकि खेलमंत्री अनिल विज ने इनामी राशि नहीं काटने का दावा किया है, लेकिन खिलाड़ियों ने ऐसे तथ्य सरकार के सामने रख दिए हैं, जो उसको बैकफुट पर लाकर खड़ा कर रहे हैं।
बजरंग पूनिया व विनेश फोगाट ने कहा है कि 2014 में भी कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स एक साथ हुए थे, लेकिन उस समय इनामी राशि पूरी मिली थी। वहीं उस साल दोनों गेम्स में गोल्ड जीतने वाले योगेश्वर दत्त ने भी दावा कर दिया है कि तब दोनों मेडल की पूरी इनामी राशि दी गई थी।
दरअसल, 2018 में कॉमनवेल्थ गेम्स व एशियन गेम्स दोनों हुए थे। हरियाणा सरकार ने कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने पर मिलने वाली इनामी राशि को 50 प्रतिशत काट लिया है। इसको लेकर ही बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, अमित पंघाल समेत अन्य खिलाड़ी सरकार के विरोध में खड़े हो गए हैं।
वहीं खेलमंत्री अनिल विज ने कहा है कि किसी भी खिलाड़ी की इनामी राशि नहीं काटी गई है, बल्कि नियमों के अनुसार ही इनाम दिया गया है। इसके बाद खिलाड़ियों ने वर्ष 2014 के कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स को आधार बनाकर सरकार को आइना दिखाया है। 2014 में भी कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स एक ही साल में हुए थे। इन दोनों में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों की इनामी राशि नहीं काटी गई थी। उन्हें इनामी राशि का पूरा पैसा दिया गया था।
बता दें कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों का सम्मान समारोह रद्द कर दिया था। इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा था कि तीन हजार खिलाड़ियों को एक साथ एक दिन में सम्मानित नहीं किया जा सकता। साथ ही खेल मंत्री अनिल विज ने कहा था कि खिलाड़ियों की इनामी राशि उनके खातों में 25 जून तक जमा कर दी जाएगी और जब खिलाड़ियों के खाते में पैसा आया तो पूनिया और फोगाट के मुताबिक कट कर आया।
हर साल एक ही साल होते हैं कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स
पहलवान बजरंग पूनिया ने बताया कि पिछले लंबे समय से कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स एक ही साल होते हैं। हर साल कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जो दोनों गेम्स में मेडल जीतते हैं, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ कि उनकी इनामी राशि को काटा जाए। मैंने खुद भी 2014 में दो सिल्वर मेडल जीते थे और मुझे दोनों के लिए पूरी इनामी राशि मिली थी। हरियाणा में खिलाड़ियों को हतोत्साहित करने के लिए षड्यंत्र रचा जा रहा है। पिछले कुछ समय में खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और इसका दर्द ही सरकार को हो रहा है।
मैंने व बजरंग ने पिछली बार भी दो मेडल जीते, दोनों का पूरा इनाम मिला
पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि वर्ष 2014 में उन्होंने व बजरंग पूनिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स के साथ ही एशियन गेम्स में मेडल जीता था। लेकिन उस साल इनामी राशि नहीं काटी गई और उससे पहले भी जिन खिलाड़ियों ने मेडल जीते, उनकी इनामी राशि नहीं काटी गई थी।
मुझे दो गोल्ड जीतने पर पूरी इनामी राशि मिली
पहलवान योगेश्वर दत्त ने बातचीत में कहा कि उन्होंने वर्ष 2014 में कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स दोनों में गोल्ड जीते थे। उस समय उनकी इनामी राशि नहीं काटी गई और उनको सरकार से पूरी राशि मिली है। यह पहली बार हुआ है कि खिलाड़ियों की इनामी राशि काटी गई है।