पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित आर्चरी चैंपियनशिप के आखिरी दिन जबरदस्त हंगामा हुआ।
जीएनडीयू व तीन अन्य यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों और चैंपियनशिप के टेक्निकल ऑफिसर के साथ मैच में ढिलाई बरतने पर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि हालत धक्कामुक्की तक पहुंच गई।
इसमें एक यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी के कंधे में चोट आई, जिसे मेडिकल के लिए लेकर जाना पड़ा।
इसके बाद जीएनडीयू, दिल्ली यूनिवर्सिटी, एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक व पंडित शंकर शुक्ला रायपुर (छत्तीसगढ़) ने पंजाब विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों व टेक्निकल ऑफिसरों के विरोध में तकरीबन दो घंटे तक नारेबाजी की।
इसके बाद पुलिस को भी बुलाना पड़ा और प्रतियोगिता खत्म होने तक पुलिस के जवान वहीं डटे रहे।
मैच स्कोरर पर पक्षपात का आरोप
पंजाब विश्वविद्यालय में चल रही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी ऑर्चरी प्रतियोगिता के दौरान चार यूनिवर्सिटियों ने पंजाब विश्वविद्यालय के टेक्निकल ऑफिसरों व मैच स्कोरर पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। इन यूनिवर्सिटियों में से एक यूनिवर्सिटी के कोच का कहना था कि टेक्निकल ऑफिसर व स्कोरर उनके खिलाड़ियों के साथ पक्षपात कर रहे हैं।
देर शाम माफीनामा लिखा
जिन यूनिवर्सिटियों ने मैच में पक्षपात की शिकायत की थी, उनके मैनेजरों ने देर शाम पंजाब विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स डायरेक्टर को माफीनामा भी लिखकर दिया। इसका मकसद यह था कि उनकी यूनिवर्सिटी का नाम बदनाम न हो।