तिहाड़ जेल से बेल पर छूटे इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला राजनीति के खेल यानी विस चुनाव में एक अनुभवी खिलाड़ी की तरह हरियाणा के यमुनानगर के थापर ग्राउंड मैदान में अपनी परफोर्मेंस देते नजर आए।
चुनाव से पहले ही उन्होंने प्रदेश की अधिकतर सीटों पर अपनी जीत का दावा कर इनेलो के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। उन्होंने ताऊ देवीलाल के आदर्शों की दुहाई देते हुए खुद को पाक साफ बताया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन पर किए जा रहे कटाक्ष का भी जवाब दिया।
साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के साथ चौटाला परिवार के दशकों पुराने रिश्तों पर प्रकाश डाला। इनेलो के लिए प्रचार में जुटे शिरोमणि अकाली दल की ओर से पंजाब के मंत्री विक्रमजीत सिंह मजीठिया भी उनके साथ यहां पहुंचे।
इनेला सुप्रीमो ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख नहीं है कि कांग्रेस ने उन्हें जेल भिजवाया। जनता की दुख-तकलीफों को दूर करने के लिए मैं कई बार जेल जा चुका हूं।
खुद की तुलना भगवान कृष्ण से की
जब मेरा जन्म हुआ था तो मेरे पिता भी जेल में थे। श्रीकृष्ण का जन्म मामा कंस के घर में जेल की सलाखों के पीछे हुआ था। उसी प्रकार मेरा जन्म भी मामा के घर हुआ था। चौटाला ने कहा कि पीड़ा इस बात की है कि उन्हें अपराधी और भ्रष्टाचारी करार दिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 3202 बच्चों को नौकरी देकर उन्होंने कोई पाप नहीं किया है, बल्कि उन्हें रोजगार दिया है। यदि प्रदेश में उनकी सरकार बनती है तो इस बार तीन लाख 20 हजार दो युवाओं को नौकरी दूंगा। चौटाला ने कहा कि उन्हें जेल भेजकर संगठन को कमजोर करने की साजिश रची गई, लेकिन संगठन अब पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि उनके पिता चौ. देवीलाल ने एनडीए को समर्थन देकर अटल बिहारी वाजपेयी को प्रधानमंत्री बनाया था। आज उसी पार्टी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उन्हें किसी के समर्थन की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उन पर और इनेलो पर किए जा रहे कटाक्ष पर उन्होंने कहा कि मेरी विनती है कि प्रधानमंत्री को अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उनके मुंह से ऐसी छोटी बात शोभा नहीं देती।
मुख्यमंत्री हुडडा पर बोला हमला
चौटाला ने कहा कि उनकी सरकार के समय यमुनानगर से 700 करोड़ रुपये खनन कारोबार से राजस्व के तौर पर आता था, अब ने इस उद्योग को बंद कर लोगों को भुखमरी की कगार पर ला दिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि उन पर एक इंच जमीन की गड़बड़ी साबित हो जाए तो वे राजनीति छोड़ देंगे।
जबकि 13 दिन बाद कांग्रेस की हार सामने आने पर उनकी राजनीति अपने आप खत्म हो जाएगी। माहिर राजनीतिज्ञ की तरह उन्होंने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनना तय है और इसका श्रेय कांग्रेस सरकार को जाता है, जिसने अपने साढ़े नौ साल के शासन में प्रदेश को बर्बाद कर दिया।
चौटाला ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि सरपंचों को विकास कार्यों के लिए अलाट किए गए 10 हजार करोड़ रुपये में भारी घोटाला हुआ है। पंजाब के मंत्री विक्रमजीत सिंह मजीठिया ने भी मंच से कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा और लोगों से इनेलो की सरकार बनाने का आह्वान किया।
मंच पर पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना, पूर्व डीजीपी इनेलो प्रत्याशी, एसजीपीसी सदस्य बलदेव सिंह कायमपुर, महीपाल, खिलाराम नरवाल, हरकीरत सिंह खुराना, परमजीत सिंह बब्बू, योगेश मेहंदीरत्ता, बीके महेता सहित अन्य उपस्थित थे।