-हरियाणा प्रभारी बाबरिया के पास निशुल्क कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
-हरियाणा कांग्रेस कमेटी में फीस के साथ मैनुअली जमा कराना होगा आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश में अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में दो स्थानों पर आवेदन करना होगा। प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने भी संभावित दावेदारों से आवेदन मांगे हैं, जबकि हरियाणा कांग्रेस कमेटी भी अलग से आवेदन मांग चुकी है। दोनों में अंतर ये है कि प्रदेश प्रभारी के पास ऑनलाइन आवेदन करना होगा और यह पूरी तरह से निशुल्क होगा। जबकि कांग्रेस कमेटी के पास मैनुअली आवेदन जमा कराना होगा। इसके लिए महिलाओं, एससी दावेदारों को पांच हजार और सामान्य श्रेणी के दावेदारों को 20 हजार रुपये फीस अदा करनी होगी। हालांकि, कांग्रेस हाईकमान पहले से ही तय कर चुका है कि विधानसभा के टिकट सर्वे के आधार पर मिलेंगे।
हरियाणा में पिछले दस साल से सत्ता से बेदखल कांग्रेस लोकसभा चुनावों में पांच सीटें जीतने से उत्साहित है। कांग्रेस को उम्मीद है कि भाजपा को एंटी इंकम्बेंसी का नुकसान उठाना पड़ेगा और कांग्रेस को सत्ता से दूर रहने का लाभ मिलेगा। कांग्रेस में विधानसभा चुनाव के लिए एक-एक सीट पर कई-कई दावेदार हैं। साथ ही गुटबाजी के चलते नेता अलग-अलग धड़ों में बंटे हुए हैं। इसलिए कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अलावा प्रभारी के माध्यम से दावेदारों से आवेदन मांगें हैं।
31 जुलाई तक मांगे गए हैं आवेदन
90 विधानसभा सीटों के लिए हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से आवेदन मांगे गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष उदयभान की ओर से जुलाई के प्रथम सप्ताह में इसके लिए आधिकारिक रूप से निर्देश जारी किए गए थे। अब तक कुल 300 के करीब आवेदन आ चुके हैं। कांग्रेस कमेटी में आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। वहीं, प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया की ओर से तीन अलग-अलग ई मेल जारी की गई हैं, जिन पर कुल 90 विधानसभा क्षेत्रों में से 30-30 सीटों के लिए अलग-अलग मेल पर आवेदन करना होगा। इस आवेदन में संबंधित नेता को अपने राजनीतिक जीवन की पूरी जानकारी देनी होगी और कैसे वह क्षेत्र के मजबूत नेता हैं, इसका आधार भी बताना होगा।