जल्द ही पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजे जाएंगे, बृजेंद्र के नाम पर भी हुई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा इस्तीफा देने के बाद से हरियाणा की राजनीति में बदले हालात को देखते हुए कांग्रेस ने लोकसभा सीटों को लेकर अपने उम्मीदवारों की सूची फाइनल करने से पहले होल्ड कर ली है। कांग्रेस की भाजपा के सांसदों पर नजर हैं। संभावना है कि भाजपा कई सांसदों की टिकट काट सकती है, ऐसे में कांग्रेस उन पर नजरे गड़ाए हुए हैं। भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की सूची जारी करने के बाद ही कांग्रेस अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी।
रविवार को नयी दिल्ली स्थित हिमाचल हाउस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भगत चरण दास की अध्यक्षता में रविवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हउई। इसमें पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया के साथ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान शामिल हुए। आईएनडीआईए गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा की एक सीट पहले ही आप को दी जा चुकी है। बैठक में प्रदेश की 9 लोकसभा सीटों के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई, हालांकि सूची को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका। हालांकि चर्चा के बाद स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में मजबूत दावेदारों पर मंथन किया गया। बृजेंद्र सिंह को लेकर सोनीपत और हिसार दोनों सीटों पर मंथन किया गया है। वहीं, रोहतक में राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा या उनके परिवार के सदस्य का चुनाव लड़ना तय है।
पैनल तैयार कर जल्द हाईकमान को भेजेंगे : बाबरिया
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने संकेत दिए हैं कि पैनल तैयार कर कांग्रेस हाईकमान को भेजने में अभी एकाध दिन का समय लग सकता है। प्रभारी ने दावा किया कि भाजपा के कई सीनियर नेता कांग्रेस में आने को तैयार हैं, लेकिन उन्हें टिकट दिया जाना है या नहीं, इस बारे में अभी भी कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि जो भी पैनल तैयार हो जाएंगे, उन्हें कांग्रेस हाईकमान को भेज दिया जाएगा और जो बचेंगे, उन्हें तैयार कर अगले एकाध दिन में भेजा जायेगा।