प्रश्न- मेरे सेलफोन पर एक कॉल कालर ट्यून के एक्टिवेशन के लिए आई। यह एक आईवीआरएस कॉल थी और मुझे कालर ट्यून एक्टिवेट करने के लिए एक बटन प्रेस करना था। मैने यह काल रिजेक्ट कर दी। इसके बावजूद मैंने यह पाया कि कॉल रिजेक्ट करने के बाद मेरे तीस रुपये कॉलर ट्यून के एक्टिवेशन चार्ज के लिए कट गए। हालांकि यह कालर ट्यून मैं नहीं चाहता था। इसी वजह से मुझको न चाहते हुए भी यह चार्ज देने पड़ रहे हैं। मैं अपना पैसा कैसे वापस लूं। क्या मैं कंज्यूमर कोर्ट में अप्रोच कर सकता हूं?
प्रमोद सिंह, चंडीगढ़
उत्तर- प्रमोद जी, आप को ग्रीवेंस रिड्रेसल पोर्टल पर अपनी शिकायतें दर्ज करवानी होंगी या आप किसी नोडल अधिकारी से संपर्क कीजिए और उसके माध्यम से अपनी समस्याओं को बताएं। ऐसी स्थिति में आप अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं। यदि ऐसा भी नहीं होता है तो आप कंज्यूमर फोरम को अप्रोच कीजिए और अपने अधिकारों के लिए जंग करें। यह मामला अनफेयर ट्रेड प्रैक्टिस का है।
प्रश्न- मैंने पांच महीने पहले एक नया लैपटॉप खरीदा। जब मैने इसको खरीदा तो इसके कई इश्यू थे। मैने यह जानकारी कस्टमर केयर पर भी दी लेकिन उससे कोई रिस्पांस नहीं मिला। अब लैपटॉप की लीड में कई समस्याएं आने लगीं। जब मैंने लैपटॉप को सर्विस सेंटर में दिखाया तो उन्होंने कहा कि फिजिकल डैमेज वारंटी में नहीं आता है।
राघव शर्मा, मोहाली
उत्तर- आप कंपनी के कस्टमर केयर में कॉल कीजिए और अपनी समस्याओं को बताएं। यदि जरूरत पड़े तो सीनियर मैनेजमेंट के सामने अपनी समस्या को बताएं। इससे आपकी समस्या खत्म होगी। आप कंपनी के खिलाफ कंज्यूमर फोरम में जा सकते हैं। यह मामला सेवाओं में कमी का है।
प्रश्न- मुझे सेकंड एसी से ट्रैवल करना था। ट्रेन दस घंटे देरी से चल रही थी। इसलिए मैं ट्रैवल नहीं कर सका। मैंने टीडीआर का आवेदन दिया। यह मैंने पोर्टल के माध्यम से किया। मुझको मेल आया कि टीडीआर की मांग रिजेक्ट कर दी गई है। उसमें कहा गया कि पैसेंजर ने ट्रैवल किया है। मैं इस मामले में क्या कर सकता हूं?
संस्कृति सिंह, चंडीगढ़
उत्तर- सरकारी आर्गनाइजेशन के लिए एक वेब पोर्टल है। इसके जरिए आप अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। आपके पास जो डॉक्यूमेंट हैं, उनको समिट कर दीजिए। यदि यहां आपको सहायता नहीं मिलती है तो आप सीधे कंज्यूमर फोरम में जा सकते हैं।