बुलेट सवार युवक को डंडे से पीटने और जमीन पर लिटाकर लात मारने का वीडियो वायरल होने के बाद आईटी पार्क थाने में तैनात कांस्टेबल सतीश कुमार को सोमवार को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया। साथ ही विभागीय जांच खोल दी गई। वहीं, इस मामले में सतीश के साथ ड्यूटी पर तैनात एएसआई महेंद्र की भूमिका की जांच चल रही है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी पीड़ित बिट्टू ने बताया कि वह शनिवार को सब्जी लेने बुलेट पर सवार होकर बाजार गया था। उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। रास्ते में एएसआई महेंद्र और कांस्टेबल सतीश ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह रुक गया। रुकते ही कांस्टेबल सतीश ने उसकी पीठ पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इसके बाद कांस्टेबल ने उसे सड़क पर लिटाकर लात मारी जबकि एएसआई ने कांस्टेबल को रोकने की जहमत तक नहीं उठाई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिसकर्मियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसे डराया और मनीमाजरा अस्पताल ले गए जहां उससे जबरदस्ती कहलवाया गया कि वह बाइक से गिरकर घायल हुआ है। बाद में दोनों पुलिसकर्मी उसे आईटी पार्क थाना लेकर गए और शिकायत न करने की धमकी तक दी।
उधर, डीएसपी नार्थ ईस्ट एसपीएस सोंधी ने बताया कि बाइक सवार को पीटने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद कांस्टेबल सतीश कुमार को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।