कामकाज ठप और कार्यालय सूने, यह हालत देखने को मिले कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में कुंटिया हड़ताल के दौरान। कुंटिया की हड़ताल के दौरान नारेबाजी का दौर चलता रहा।
दूर-दराज से आए विद्यार्थियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। अध्यक्ष मान सिंह, पूर्व महासचिव बलजीत सिंह, यशपाल नारंग, नीलकंठ शर्मा, भारत भूषण, रामफ ल, आजाद सिंह, सर्व कर्मचारी संघ के कोषाध्यक्ष रामेश्वर सैनी, सतीश शर्मा, कुंटिया महासचिव सुनील कक्कड़, वरिष्ठ उप-प्रधान पोली राम, उप-प्रधान चंदन सिंह, सहसचिव रामलाल, कोषाध्यक्ष कैलाश शर्मा विभागों का दौरा कर हड़ताल को कामयाब बनाया।
इसी दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुंटिया के पदाधिकारियों को 3 बजे बातचीत के लिए बुलाया। कुंटिया के 20 सूत्रीय मांग पत्र पर लगभग तीन घंटे गहन चर्चा हुई।
सभी मांगों पर कुंटिया पदाधिकारियों ने विस्तार से पक्ष रखा। कुंटिया पदाधिकारियों व वीसी के बीच लगभग सभी मांगों पर सहमति बनी। प्रशासन द्वारा कुंटिया पदाधिकारियों को आश्वस्त किया गया कि उनकी मानी गई मांगों के आदेश शनिवार शाम पांच बजे तक जारी किर दिए जाएंगे।
कुंटिया अध्यक्ष मान सिंह व महासचिव सुनील कक्कड़ ने कहा कि अगर मानी गई मांगों के आदेश प्रशासन दो दिन में कर देता है तो कुंटिया की आम सभा की बैठक सोमवार को सुबह परीक्षा भवन के प्रांगण में बुलाई जाएगी। तत्पश्चात आम सभा की सहमति से हड़ताल का समापन कर दिया जाएगा।
कुंटिया अध्यक्ष मान सिंह व महासचिव सुनील कक्कड़ ने बताया कि कुंटिया पदाधिकारियों ने ठेके के तहत लगे कर्मचारियों को दोबारा काम पर लेने की अपील की। जिसे वीसी ने सकारात्मक रवैया अपनाते हुए आश्वासन दिया कि सभी ठेके के कर्मचारियों को योग्यता के आधार पर सेवा में वापस लिया जाएगा।