चंडीगढ़। सेक्टर-35 के कांग्रेस भवन के बाहर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को जय भारत सत्याग्रह किया। इसमें मोदी सरकार की लोकतंत्र विरोधी नीतियों, राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता खारिज करने और संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ जय भारत सत्याग्रह नाम से धरना दिया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी के झंडे, तख्तियां लिए थे। सत्याग्रह के दौरान कार्यकर्ता रघुपति राघव राजा राम भी गाते रहे। सत्याग्रह का शुभारंभ महात्मा गांधी और आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर हुआ। सत्याग्रह में आए कार्यकर्ताओं को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने संबोधित किया। बंसल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक द्वारा हाल ही में किए गए खुलासे ने देश के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सत्यपाल मलिक ने एक साक्षात्कार में कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें उनकी सरकार की उन गलतियों के बारे में बोलने से मना किया था, जिनके चलते फरवरी 2019 में एक आतंकी हमले में पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों की दुर्भाग्यपूर्ण हत्या हुई थी। बंसल ने कहा कि मोदी सरकार देश की अर्थव्यवस्था का प्रबंधन करने में पूरी तरह से विफल रही है। देश में आर्थिक असमानता बढ़ रहा है। गरीब और गरीब होता जा रहा है। बंसल ने कहा कि सरकार राहुल गांधी को केवल इसलिए गलत तरीके से निशाना बना रही है क्योंकि वह मोदी सरकार से कठिन सवाल पूछ रहे हैं। राहुल गांधी भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं। बंसल ने राहुल गांधी को मिली दो साल की सजा को अभूतपूर्व और जरूरत से ज्यादा कठोर बताया। सरकार विपक्ष के नेता के प्रति दुर्भावना से काम कर रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की ने मोदी सरकार पर अदानी और मोदी के अन्य दोस्तों को आम आदमी, छोटे और मध्यम व्यवसायों की कीमत पर भारी मुनाफा कमाने में मदद करने का आरोप लगाया। मोदी सरकार सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने के लिए बुलेट ट्रेन जैसे झूठे वादे कर रही है। मोदी सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना विरोध जारी रखेगी। सत्याग्रह को पूर्व मेयर और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, एचसी कल्याण, जेडपी खान सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर नंदिता हुडा, जतिंदर भाटिया, गुरप्रीत सिंह गाबी, डॉ ओपी वर्मा, जसबीर सिंह बंटी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।