देर रात धनास में कांग्रेस नेता के घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार को बदमाशों ने आग लगा दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रेम पाल चौहान ने बताया कि बुधवार रात को करीब ढाई बजे कुछ युवकों ने उनकी कार को आग लगा दी। आग लगने का पता तब चला जब उनके पड़ोसी ने रात को दरवाजा खटखटाया और बताया कि आप की गाड़ी जल रही है। बाहर आकर देखा तो कार के अगले हिस्से से आग की लपटें उठ रहीं थीं। प्रेम पाल ने तुरंत 100 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी।
मौके पर पीसीआर और दमकल की एक गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा जल चुका था। बताया जा रहा है कि करीब छह लड़कों ने इस घटना को अंजाम दिया है। वारदात की सूचना पर सुबह सारंगपुर के एसएचओ शादी लाल भी पहुंचे और पूरी जानकारी ली। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।