पेपर लीक व भर्ती माफिया का होगा सफाया, मेरिट के आधार मिलेंगी नौकरियां : हुड्डा
सरकार के पास बताने के लिए कुछ नहीं, इसलिए विपक्षी दल से सवाल पूछ रहे
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा बुजुर्गों को 6000 रुपये पेंशन, कर्मचारियों को ओपीएस, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे वादे किए गए हैं। जल्द ही पार्टी का घोषणापत्र जारी होगा जिसमें पांच साल की सरकार के कामों का पूरा रोडमैप होगा। कांग्रेस पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी घोषणाओं को लागू करेगी और हरियाणा को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध व नशे से मुक्ति दिलाएगी। हुड्डा शुक्रवार को हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
एक सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि 10 साल से विपक्ष में होने के बावजूद कांग्रेस जनता के बीच अपने कार्यों को लेकर जाएगी, जबकि भाजपा के पास खुद की नाकामियों के अलावा बताने को कुछ भी नहीं है। इसलिए आज खुद के काम गिनवाने की बजाए सत्ताधारी भाजपा विपक्षी कांग्रेस से सवाल पूछ रही है। जनता 1 अक्टूबर को भाजपा के तमाम सवालों और अत्याचारों का जवाब वोट की चोट से देगी।
हरियाणा में हाथ बदलेगा हालात और कांग्रेस से ही आस : उदयभान
चौधरी उदयभान ने कहा कि हरियाणा में अब सभी लोगों की जुबान पर नारा है कि हरियाणा में हाथ बदलेगा हालात और कांग्रेस से ही आस। उन्हें पूरा विश्वास है कि दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। क्योंकि पिछले 5 साल से कांग्रेस जिम्मेदार विपक्ष के रूप में लगातार जनता के बीच है। धन्यवादी कार्यकर्ता सम्मेलन, जनमिलन समारोह, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान और विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रमों में उमड़े जनसैलाब का साक्षी बने। अब ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ पदयात्रा में भी हर जगह हजारों लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
किसानों और खिलाड़ियों के मुद्दे पर भी घेरा
पूर्व सीएम हुड्डा ने किसानों और खिलाड़ियों के मुद्दे पर भी घेराबंदी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को कर्ज माफी, बिजली बिल माफी और एमएसपी दी, लेकिन भाजपा ने उन्हें लाठी, डंडे और गोलियां दीं। कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को खिलाड़ी बनाया, लेकिन भाजपा ने उन्हें नशेड़ी बनाया। कांग्रेस ने बेटियों को देश का नाम रोशन करने वाली पहलवान बनाया, लेकिन भाजपा ने अपने नेताओं से उन बेटियों का उत्पीड़न करवाया।