चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस विक्रेताओं को नया लाइसेंस जारी करेगी। दिव्यांग और विधवा विक्रेताओं की पूरी फीस माफ होगी। वहीं 60 वर्ष से अधिक के विक्रेताओं से आधी फीस ली जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि हजारों की संख्या में विक्रेता लाइसेंस के लिए दर-दर भटक रहे हैं। बीजेपी शासित नगर निगम ने लाइसेंस देना बंद कर दिया है। एक तरफ कोरोना के कारण काम-धंधा चौपट हो गया है। वहीं अब बहुत अधिक अधिक फीस वसूली जा रही है। नगर निगम चुनाव जीतते ही कांग्रेस विक्रेताओं के नए लाइसेंस जारी करेगी। विक्रेताओं से बहुत कम फीस ली जाएगी और उन्हें उसी सेक्टर में बिठाना प्राथमिकता होगी, जहां पर वे काम कर रहे हैं। स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट कांग्रेस द्वारा लाया कानून है जिसे बिना डर काम करने का अधिकार मिलता है। विक्रेताओं को मिला यह अधिकार कोई नहीं छीन सकता है। उनके अधिकारों के लिए कांग्रेस डटकर उनके साथ खड़ी है।