नीट एवं जेईई परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। सेक्टर- 35 स्थित कांग्रेस भवन के बाहर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने किया। इन परीक्षाओं का विरोध कांग्रेस कोरोना संक्रमण के मद्देनजर कर रही है। एक दिन पहले ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था।
इस दौरान उग्र प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस को जमकर मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने पानी की तेज बौछार का भी प्रयोग किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। पुलिस ने जबरन प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया।
प्रदीप छाबड़ा बोले- कोरोना काल में परीक्षा लेना छात्रों के जीवन को खतरे में डालना
इस मौके पर प्रदीप छाबड़ा ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आदेशानुसार यह प्रदर्शन देशभर में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत में कोविड-19 महामारी विकराल रूप ले चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री, कुछ अन्य केंद्रीय मंत्री और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री इससे संक्रमित हो चुके हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार का जेईई और नीट परीक्षाओं को स्थगित न करना समझ से परे है। कांग्रेस की मांग है कि छात्र हित में केंद्र सरकार को इन परीक्षाओं को स्थगित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों के जीवन को खतरे में डालकर परीक्षा लेना गैर जरूरी कदम है।
देखें- वीडियो: हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें-