उन्होंने कहा कि सरकार ने सुरक्षा वापस ली और सूची बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। यह लिस्ट सिद्धू मूसेवाला की हत्या का सबसे बड़ा कारण है, जिसकी जिम्मेदार पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर सरकारों की ओर से नेताओं की सिक्योरिटी में कमी की जाती रही है लेकिन उसे कभी भी सार्वजनिक नहीं किया गया।
लिहाजा इस हत्या के पीछे आम आदमी पार्टी का षड्यंत्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और सिद्धू मूसेवाला की हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाकर परिवार को पूरा इंसाफ दिलाया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से भी इस मामले में जांच की मांग की।
जालंधर में छात्रों ने घेरा डीसी आफिस
जालंधर में स्टूडेंट्स संघर्ष मोर्चा ने गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर रोष जाहिर किया और सोमवार को डीसी आफिस के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि राज्य में अराजकता का माहौल बना है। चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कहा था कि वह पंजाब को रंगला पंजाब बनाएंगे लेकिन आज हालात यह हैं कि लोगों के खून से पंजाब रंगला बन रहा है।
रोजाना पंजाब में गोलियां चल रही हैं। लोगों की हत्याएं हो रही हैं लेकिन सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली सरकार की कठपुतली बने हैं। राज्य में कानून व्यवस्था की हालत काफी दयनीय हो गई है। छात्र नेताओं ने कहा कि सिर्फ दो माह ही छात्रों की पढ़ाई हुई है और विश्वविद्यालय सेमेस्टर के पेपर लेने जा रहे हैं।
अगर छात्रों को पूरा सिलेबस पढ़ाया ही नहीं गया तो वह पेपर कैसे दे पाएंगे? उन्होंने स्कॉलरशिप का मसला उठाते हुए कहा कि स्कॉलरशिप के न तो समय पर पैसे आते हैं और न ही कॉलेज वाले एससी विद्यार्थियों को परीक्षाओं में बैठने देते हैं। छात्रों ने राज्य में बिगड़ रही कानून व्यवस्था, सिद्धू मूसेवाला की हत्या व सिलेबस पूरा करवाए बिना परीक्षाएं लेने के मुद्दों पर डीसी को ज्ञापन भी दिया।
जालंधर में भी कांग्रेस का प्रदर्शन
सिद्धू मूसेवाला की हत्या का कांग्रेस नेताओं ने विरोध जताया है। इस हत्या के मद्देनजर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह तूर को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें पंजाब के बिगड़ रहे हालात व कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर धरना भी दिया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
पूर्व विधायक राजिंदर बेरी व जिला कांग्रेस प्रधान बलराज ठाकुर ने आरोप लगाया कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, तभी से पंजाब में कानून व्यवस्था खराब होती जा रही है। दिनदहाड़े लोग एक-दूसरे पर गोलियां बरसा रहे हैं व लूट की वारदात बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आप सरकार ने सबसे बड़ी गलती यह की है कि सरकार ने सैकड़ों लोगों की वीआईपी सुरक्षा में कमी तो की साथ ही इसका प्रचार भी कर दिया।
सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा भी दो दिन पहले ही कमी की गई थी। इसके बारे में उसके दुश्मनों को पता लग चुका था। सिद्धू मूसेवाला को जान से मारने की धमकी मिल रही थी, इसके बाद भी उनकी सुरक्षा में कमी कर दी गई। इन नेताओं ने कहा कि पंजाब हमेशा से ही संवेदनशील राज्य रहा है और पंजाब के माहौल के मद्देनजर आप सरकार को सभी प्रमुख लोगों की सुरक्षा तुरंत बहाल कर देनी चाहिए।
गुरदासपुर: यूथ कांग्रेसियों ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला
सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर आम लोगों में रोष है। सोमवार को यूथ कांग्रेस ने इस मामले में पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान यूथ जिला प्रधान एडवोकेट बलजीत सिंह पाहड़ा के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस ने तिब्बड़ी चौक में आप सरकार का पुतला फूंका गया।
पाहड़ा ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या पंजाब सरकार की नाकामी के कारण हुई है। आम आदमी पार्टी की सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था कायम रखने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। पंजाब में लगातार गैंगवार की घटनाएं सामने आ रही हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी है। पुलिस का इंटेलीजेंस विंग भी पूरी तरह असफल साबित हो रहा है।
गोबिंदगढ़ कांग्रेस ने जताया रोष
कत्ल के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मंडी गोबिंदगढ़ ने बैठक बुलाकर गहरा दुख जाहिर किया है। सोमवार को अमलोह रोड स्थित ब्लाक कांग्रेस दफ्तर में प्रधान संजीव दत्ता की अध्यक्षता में सिद्धू मूसेवाला की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में लगातार असहनीय घटनाएं घट रही हैं। पंजाब की जवानी को गोलियों से भूना जा रहा है। पंजाब में अमन कानून की स्थिति खराब हो चुकी है, जिस पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।
लुधियाना में उठी डीजीपी को हटाने की मांग
पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परमिंदर मेहता के नेतृत्व में कांग्रेस वर्करों ने राज्य में खस्ताहाल कानून-व्यवस्था व मूसेवाला की हत्या के खिलाफ स्थानीय नगर निगम मुख्यालय के बाहर धरना दिया और बाद में महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे मुंह पर काली पट्टी बांध एक घंटे का मौन व्रत रखा। बाद में मूसेवाला की हत्या पर सरकार की आलोचना की।
परमिंदर मेहता ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार ने सस्ती शोहरत के लिए सुरक्षा वापसी की खबरें प्रकाशित करवा ली। इसी कारण मूसेवाला की हत्या हुई। राज्य में अगर किसी व्यक्ति को सुरक्षा मुहैया करवाई जाती है तो उसकी खुफिया एजेंसियों के साथ अन्य सुरक्षा विभागों से भी रिपोर्ट ली जाती है। मेहता ने कहा कि मान सरकार के राज्य में खराब हो रही कानून-व्यवस्था को सुधारने के बजाय राजनीतिक मतभेद के आधार पर विपक्षी नेताओं की सुरक्षा वापस ले रही है।
मूसेवाला की हत्या पर भाजपा ने जताया दुख, कहा-पंजाब में बिगड़ी कानून व्यवस्था
चंडीगढ़ भाजपा ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर दुख जताया है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद व महामंत्री रामवीर भट्टी ने कहा है कि सिद्धू मूसेवाला एक लोकप्रिय गायक व कलाकार थे। उनकी हत्या से पंजाब में कलाकारों की विरासत को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा है कि पंजाब में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, हत्या व लूटपाट की घटनाएं बढ़ गई हैं।
गैंगस्टर, हत्यारे व लुटेरे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पंजाब में असामाजिक तत्वों का बोलबाला है। चुनाव में जिन लोगों का साथ आम आदमी पार्टी ने लिया था, वो गर्म ख्याली ताकतें अब पंजाब के अमन-चैन खत्म करने के लिए सिर उठा रही हैं। सूद व भट्टी ने कहा है कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल रिमोट से पंजाब की सरकार चला रहे हैं लेकिन कानून-व्यवस्था के मामले पर चुप हैं।
युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
सिद्धू मुसेवाला की हत्या से आक्रोशित युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान सेक्टर-39 स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। सबसे पहले युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सेक्टर- 39 के मार्केट के पास एकत्र हुए।
सभी आप के मुख्यालय जा रहे थे। कुछ दूर चलने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। रोके जाने पर युवा कांग्रेसियों ने विरोध जताया। पुलिस ने 22 युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और सेक्टर 39 के थाना ले आई जिन्हें करीब दो बजे छोड़ा गया। हिरासत में लिए जाने के बाद जब चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को पता चला तो वे सेक्टर- 39 थाना पहुंचे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, महासचिव एचएस लक्की के अलावा लव कुमार, अच्छे लाल गौड़, रामेश्वर गिरी सहित अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। युवा कांग्रेस चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष दीपक लुबाना ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने हमले से एक दिन पहले मूसेवाला की सुरक्षा में कटौती कर दी। सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा में पहले काफी जवान तैनात रहते थे। एक दिन पहले उसे घटाकर दो सुरक्षाकर्मियों को तैनात करने का फैसला लिया।