कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरूआत करते हुए महम की चुनावी रैली में नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री का नाम लिए बिना कहा, ज्यादा चिल्लाने वाले सच्चे नहीं होते। वे कुछ काम नहीं करते और सिर्फ खोखले दावे करते हैं। उनकी सच्चाई लोगों के सामने आने लगी है।
वह यूपीए सरकार की योजनाओं का नाम बदलकर सिर्फ श्रेय ले रहे हैं। सोनिया ने इनेलो पर भी निशाना साधते हुए कहा, दस साल पहले यहां ‘जिसकी लाठी उसकी भैंस’ जैसा शासन था।
कांग्रेस ने राज्य को एक स्वरूप देकर विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। इस बार दो दल दिखावे के लिए अलग-अलग हैं। चुनाव के बाद वह एक हो जाएंगे। लोगों को यह समझना होगा कि बहकावे में आकर वोट नहीं दें।
झूठे सपने दिखा रही सरकार
सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गृह जिले की महम विधानसभा सीट से चुनावी शंखनाद करते हुए कहा, मोदी सरकार अपने प्रचार के लिए लोगों को झूठे सपने दिखा रही है। देश का निर्माण एक दिन में नहीं होता। मोदी सरकार आज जिन कार्यों का श्रेय ले रही है, वे सभी कार्य यूपीए के शासनकाल के दौरान शुरू हुए थे।
अपने 11 मिनट के भाषण में सोनिया गांधी ने हरियाणा के पिछले दस सालों के कार्यकाल को प्रदेश की सूरत बदलने वाला बताया। साथ ही इसे बनाए रखने का आह्वान किया।
सोनिया ने कहा, दहशत, वसूली और जातपात की राजनीति करने वाले कुर्सी के लिए नकली सपने दिखा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा और इनेलो पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा को सपने दिखाने वाली पार्टी तो इनेलो को गुंडागर्दी फैलाने वालों की पार्टी बताया। इनके अलावा प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी लोगों को संबोधित किया।
चुनावी वादों पर सोनिया का वार
सोनिया गांधी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा की ओर से किए गए वादों को लेकर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चार महीने पहले लोकसभा चुनाव में जनता को गुमराह किया गया। हर हथकंडे अपनाए और जनता को सपने दिखाए गए।
खोखले वादे किए गए, ऐसा माहौल बनाया, जैसे आजादी के बाद देश में कुछ हुआ ही नहीं और वे रातों रात किस्मत बदल देंगे। इसलिए चुनाव के समय दिल से नहीं दिमाग से फैसला लें। जो भावना भड़काते हैं, खोखले दावे करते हैं, उनकेसाथ न जाएं।
उन्होंने भाजपा सरकार की ओर से तीन महीने की उपलब्धि के बखान पर टिप्पणी करते हुए कहा, एक दिन में देश नहीं बनता। राष्ट्र का निर्माण वर्षों की मेहनत और त्याग से होता है। वैज्ञानिक, किसान, नेता और हर आदमी के सहयोग से देश इस मुकाम तक पहुंचा है। भाजपा ऐसे दिखावा कर रही है कि जैसे उनकी सरकार आने पर ही सबकुछ बदला है।
हरियाणा में मेट्रो का मुद्दा
दिल्ली से सटे हरियाणा के लोगों को अब मेट्रो का सपना दिखाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर रोहतक के साथ सोनीपत, पानीपत तक मेट्रो लाई जाएगी।
जनता के बहाने भाजपा से सवाल
सोनिया गांधी अपने भाषण के दौरान लोगों से कुछ सवाल जवाब भी किए उन्होंने जनता से भाजपा के तीन माह के कार्यकाल पर कुछ सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि कहते थे महंगाई कम कर देंगे। क्या महंगाई कम हुई? काला धन वापसी के वादे का क्या हुआ। कोई कदम उठाया गया क्या? क्या रोजगार मिला, रोटी सस्ती हुई?
दहशत फैलाने वाले विकास नहीं कर सकते
सिरसा में अपने संबोधन में सोनिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने दहशत फैलाने की और जाति-पाति की राजनीति की है, वे विकास नहीं कर सकते। ऐसे लोगों के बहकावे में मत आएं।'
कांग्रेस की उपलब्धियों की चर्चा करने के बाद सोनिया ने कहा, 'अगले पांच साल तरक्की की यही रफ्तार बनी रहेगी तभी हरियाणा में प्रगति की ऐसी मिसाल कायम होगी, जिसपर हमारी भावी पीढ़ियां गर्व करेंगी। यह काम सिर्फ कांग्रेस कर सकती है।
सोनिया ने हरियाणा के सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की खुले दिल से तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सरकार ने 10 साल के भीतर हरियाणा की शक्ल बदल दी।
सुरक्षा के 3 घेरों में सोनिया
हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी रैली के लिए मैहम में पहुंच गई हैं। मैहम के बाद वे सिरसा में रैली को संबोधत करेंगी।
मैहम अनाज मंडी में में रैली शुरू हो चुकी है। अभी कांग्रेस नेता मंच को संबोधत कर रहे हैं। कुछ ही देर में सोनिया गांधी रैली को संबोधित करेंगी।
सोनिया गांधी रैली में एक-एक घंटे रूकेंगी। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी सुरक्षा के 3 घेरों में रहेगी। उसके बाद सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में पार्टी प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगी।
12 गुणा 12 का स्टेज: सिरसा की रैली में सोनिया के लिए बनाए गए मंच पर केवल 6 नेता होगें। जिसमें मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर, प्रदेश प्रभारी शकील अहमद, राज्यसभा सांसद कुमारी शैलजा सहित दो स्थानीय नेता मौजूद रहेंगे। रैली का मंच 12 गुणा 12 का होगा। जिससे वे संबोधित करेंगी।
सिरसा में कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी की रैली में एक स्टेज होगा जिसमें एक वीआईपी गैलरी होगी। इस स्टेज पर लोकसभा क्षेत्र के 9 हलकों के प्रत्याशी रहेंगे इसके साथ दूसरे नेता भी मौजूद होंगे। यह स्टेज दिल्ली से लाया गया है। स्टेज पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। इसके पीछे विश्राम व टॉयलेट की सुविधा रहेगी। दो एसी लगाए जाएंगे।
रैली में सोनिया के साथ रहेंगे हुड्डा
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के दौरे के दौरान उनके साथ रहेंगे। सोनिया गांधी हरियाणा में शनिवार को महम और सिरसा में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी। लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील करेंगी।
दौरे के प्रति हरियाणा के लोगों में भारी उत्साह है। इस चुनावी दौरे के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनके साथ रहेंगे। सोनिया गांधी लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हरियाणा आ रही हैं।
सोनिया गांधी जहां सिरसा रैली के बाद दिल्ली रवाना होंगी। वहीं मुख्यमंत्री शाम 5 बजे गांव स्याहड़वा में और 6 बजे कबीर छात्रावास, आदर्श नगर, हिसार में जनसभा को संबोधित करेंगे।
एक घंटे तक सिरसा में रहेंगी सोनिया गांधी
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की सिरसा रैली की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोनिया की रैली को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कडे़ प्रबंध किए गए हैं। शुक्रवार को तमाम सुरक्षा प्रबंधों का आईजी हिसार हनीफ कुरैशी ने जायजा लिया। उन्होंने सोनिया गांधी के एयरफोर्स स्टेशन से लेकर रैली स्थल तक के तय रूट पर तैयारियों की अंतिम रिहर्सल की।
रैली की सुरक्षा एनएसजी समेत करीब तीन हजार पुलिस कर्मचारियों के हाथों में होगी। सोनिया गांधी के आसपास की सुरक्षा का जिम्मा एनएसजी कमांडो संभालेंगे और बाहर सुरक्षा कवच की जिम्मेदारी हरियाणा पुलिस की होगी। रैली स्थल को बृहस्पतिवार रात ही सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कब्जे में ले लिया था।
आईबी व स्टेट सीआईडी के सीनियर अधिकारियों ने रैली के मंच से लेकर ‘डी’ व आम लोगों के बीच अपने कर्मचारियों की ड्यूटी तय की। शहीद भगत सिंह स्टेडियम में होने जा रही सोनिया गांधी रैली में आम जनता के लिए एक प्रवेश द्वार होगा।
स्टेडियम के मुख्य गेट से सोनिया गांधी व उनके साथ आने वाले मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी शकील अहमद, प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर प्रवेश करेंगे। सोनिया की सिरसा रैली से प्रदेश में कांग्रेस का भी केंद्रीय स्तर पर प्रचार अभियान शुरू हो जाएगा। इससे चुनाव प्रचार गरमाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले ही प्रदेश में चुनाव प्रचार शुरू कर चुके हैं।
डबवाली बाईपास पर आवागमन रहेगा बंद
सोनिया गांधी का विमान वायु सेना अड्डे पर उतरने के बाद वायु सेना केंद्र से लेकर डबवाली बाईपास रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। सोनिया का काफिला बाईपास रोड से रैली स्थल पर पहुंचेगा।
इस रूट पर वर्दी व सादी पोशाक में सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती शुक्रवार सुबह से कर दी गई। हर संदिग्ध पर सुरक्षा कर्मचारियों की पैनी नजर है। रैली स्थल के आसपास ऊंची इमारतों पर सनाइपर की तैनाती की है।
एक घंटा का होगा सोनिया दौरा
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एक घंटे तक सिरसा में रहेंगी। वे हेलीकॉप्टर से दो बजकर 45 मिनट पर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगी। इसके बाद उनका काफिला शहीद भगत सिंह स्टेडियम में बनाए गए रैली स्थल की तरफ रवाना होगा।
यहां सोनिया गांधी 20 मिनट तक रैली में आई भीड़ को संबोधित करेंगी और इसके बाद उनका काफिला वापस एयरफोर्स पहुंचेगा। यहां सोनिया को दिल्ली ले जाने के लिए विशेष विमान रन वे पर तैयार मिलेगा और तीन बजकर 45 मिनट पर सोनिया गांधी सिरसा से दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
चुनावी सभा में ये होंगे स्टार प्रचारक
हरियाणा विधानसभा चुनाव में सभी दलों के स्टार प्रचारक शनिवार से चुनाव प्रचार में कूदेंगे। अमेरिका से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करनाल में पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद वे छह अक्तूबर को सिरसा, कुरुक्षेत्र और फरीदाबाद में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। मोदी सूबे में दस रैलियों को संबोधित करेंगे। इसी दिन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी महम और सिरसा में रैली करेंगी।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनिया गांधी के साथ रहेंगे। सोनिया गांधी 11 बजे महम अनाज मंडी में जनसभा संबोधित करेंगी। इसके बाद सोनिया की सभा सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में होगी।
ये दिग्गज भी करेंगे चुनाव प्रचार
देवगौड़ा और नीतीश इनेलो के हक में करेंगे प्रचार मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल 6 और 8 अक्तूबर को डबवाली के 16 गांवों में इनेलो के पक्ष में चुनावी सभाएं करेंगे।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केसी त्यागी 12 और 13 अक्तूबर को हरियाणा के आठ जिलों में चुनावी सभाओं को संबोधित कर इनेलो प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे।
बसपा प्रमुख मायावती 5 अक्तूबर को करनाल और यमुनानगर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी। उनके साथ बसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजाराम, राज्यसभा में बसपा संसदीय दल के नेता बृजेश पाठक और बसपा के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी अरविंद शर्मा मौजूद रहेंगे।
महम आएंगी सोनिया, करेंगी चुनावी अभियान की शुरूआत
सियासीफिजा का रुख बदलने के लिए देशभर में विख्यात महम चौबीसी नेहरू-गांधी खानदान की चौथी शख्सियत की अगुवाई को तैयार है। चुनावी बेला पर दस्तूर भी है और मौका भी।
4 अक्टूबर को नेहरू-गांधी परिवार की बहू और कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी महम से प्रदेश में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर रही हैं।
बेशक, कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी चुनावी मौसम में चौबीसी की धरा पर आ रही हों, लेकिन उनके पूर्वज आजादी से पहले ही चौबीसी से जुड़े रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी चौबीसी से आजादी और सत्ता परिवर्तन की लड़ाई की हुंकार भरते रहे हैं।
24 साल पहले महम गोली कांड को हथियार बनाकर ही कांग्रेस ने देश व प्रदेश की गैर कांग्रेसी सरकार को सत्ता से बेदखल किया था।
महम, चौबीसी से परिवार का रहा राजनीतिक जुड़ाव
आजादी के पहले से ही इस परिवार का चौबीसी से राजनीतिक जुड़ाव रहा है। यहां के युवाओं को आजादी की लड़ाई में अहम योगदान रहा। 1938 में पंडित जवाहर लाल नेहरू महम आए और स्वतंत्रता सेनानियों से मिले।
आजादी के 35 साल बाद, 16 मई 1982 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भिवानी रोड स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कैंपस में सभा को संबोधित किया था।
1990 में महम में हुए विधानसभा उपचुनाव में हिंसा हुई। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी राहुल गांधी को लेकर यहां आए। वे महम कांड में मारे गए पीड़ितों के घर पहुंचे। गोली कांड को संसद में उठाया। महम कांड बड़ा मुद्दा बना।
देश और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ और कांग्रेस सत्ता में आई। महम देशभर के सियासी पटल पर छा गया। अब 24 साल बाद एक बार फिर नेहरू-गांधी परिवार की बहू सोनिया गांधी चुनावी मौसम में महम आ रही हैं।
ये दिग्गज भी पहुंचे चबूतरे पर
पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल की कर्मस्थली रहे चौबीसी से वे तीन बार विधायक बने। देवीलाल ही महम के सियासी गढ़ में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर, नीतिश कुमार सहित सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, तेलगूदेशम प्रमुख चंद्र बाबू नायडू और अकाली दल सुप्रीमो प्रकाश सिंह बादल को चबूतरे पर लेकर आए। पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह भी महम आए।
दिसंबर 2004 में राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख अजित सिंह, जनवरी 2005 में बसपा सुप्रीमो कुमारी मायावती पहुंचे। चुनाव प्रक्रिया में क्रांतिकारी सुधार लाने वाले पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी. एन. शेषन भी चबूतरे पर आम जन से रूबरू हुए थे।
इन मुद्दों पर मोदी को घेरेंगी सोनिया
- बहुत हुई महंगाई, अबकी बार मोदी सरकार
लोकसभा चुनाव में यह नारा खूब गूंजा। कांग्रेस बता रही है कि भाजपा ने 100 दिन में महंगाई कम करने का वादा किया था। लेकिन खाद्य मुद्रास्फीति की दर जून में 7.90 प्रतिशत की बजाए जुलाई में 9.36 प्रतिशत पहुंची। डीजल की कीमतें 4 बार बढ़ चुकी हैं।
- काले धन के नाम पर लोगों से धोखा
खूब प्रचार किया, 100 दिन में काला धन वापस लाएंगे। लोकसभा चुनाव तक भाजपा 85 लाख करोड़ रुपये का काला धन बता रही थी। कहा गया था, इमानदार करदाता में यह पैसा बांटेंगे। 110 दिन बीत चुकेहैं। कुछ नहीं हुआ।
- बहुत हुआ नारी पर वार, अबकी बार मोदी सरकार
मंत्री मंडल में ही बलात्कार के आरोपी शामिल किए। एमपी, राजस्थान व गुजरात में बलात्कार की घटना हो रही है। कैबिनेट मंत्री अरुण जेटली ने निर्भया बलात्कार को छोटी घटनाबताया।
- असंगत विदेश नीति
कांग्रेस ने विदेश नीति को अपारदर्शी, दिशाहीन और भ्रामक बताया है। 1971 के बाद सबसे ज्यादा घुसपैठ इन तीन महीनों में हुई। यूपीए सरकार की विदेश नीतियों केआधार पर चलते हुए ही मोदी की जापान यात्रा पूरी हुई।
- संस्थाओं को किया कमजोर
हल्ला बोला गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से योजनाओं को खत्म करने का मनमाना निर्णय लिया। वैकल्पिक केलिए जनता से सुझाव मांगे। सरकार न्यायपालिका से टकराव केमूड में है।
-शिक्षा प्रणाली और संस्थानिक स्वायत्तता का व्यवस्थित विनाश
आरएसएस द्वारा संचालित शिक्षा बचाओ समिति और विद्या भारती, सरकार की शिक्षा प्रणाली और पाठ्यक्रम सुधार का मार्ग दर्शक बनी। भारतीय इतिस अनुसंधान परिषद जैसी संस्था के मुखिया केपद पर आरएसएस द्वारा नामित व्यकित को नियुक्त किया।
इन मुद्दों को भी किया टारगेट
कांग्रेस ने न्यूनतम शासन, न्यूनतम प्रतिभा और अधिकतम विश्वास केनारे पर कटाक्ष करते हुए विश्लेषण किया, सरकार में प्रतिभा का घोर अभाव है। पार्ट टाइम रक्षामंत्री को देश की सीमाओं की देखरेख, सैनिकों के कल्याण की जिम्मेदारी सौंपी है।
44 मंत्रियों में 13 पर अपराधिक आरोप बताए हैं। अमीर और उद्योगपतियों की सरकार की संज्ञा दी गई है। भाजपा का सबका साथ, सबका विकास केनारे को लेकर लिखा गया है कि महिलाएं तक सुरक्षित नहीं है।
भाजपा को सांप्रदायिक पार्टी करार देते हुए कहा गया है, यूपी सहित जहां भी चुनाव हुए हैं, उन 12 क्षेत्रों में 600 से ज्यादा सांप्रदायिक दंगे हुए हैं।
कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। चुनाव में ये दिग्गज कांग्रेस के लिए जी जान लड़ाएंगे। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम पहले नंबर पर है।
इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, एआईसीसी महासचिव शकील अहमद, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कांग्रेस के अन्य दिग्गज शामिल हैं।
सूची में शामिल अन्य नामों में जनार्दन द्विवेदी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, अंबिका सोनी, दिग्विजय सिंह, अजय माकन, वीरभद्र सिंह, हरीश रावत, कुमारी सैलजा, दीपेंद्र हुडडा, डॉ. राम प्रकाश, आशा कुमारी, मीरा कुमार, राज बब्बर, सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मोहम्मद अजहरुद्दीन, अशोक गहलोत, शीला दीक्षित, राजिंद्र कौर भट्ठल, जय किशन, कैप्टन अजय यादव, किरण चौधरी, नवीन जिंदल, श्रुति चौधरी, प्रताप सिंह बाजवा, सुनील जाखड़, अरविंदर सिंह, सलमान खुर्शीद, रवनीत सिंह बिटटू, परनीत कौर, ठाकुर कौल सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह शामिल हैं।