पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब से सांसद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मनीष तिवारी ने ट्वीट किया कि- मैंने आज सुबह कोरोना का टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। मुझे कल रात दो बजे हल्का बुखार था। इसके बाद सुबह कोरोना का टेस्ट कराया। हालांकि बुखार के अलावा कोई अन्य लक्षण नहीं हैं। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आने वालों को सावधानी बरतने की सलाह है।
राज्य में 445 नए मामले, 23 की मौत
पंजाब में एक बार फिर कोरोना की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला। सोमवार को 445 नए मरीज मिले। वहीं 23 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा ठीक हुए मरीजों की संख्या 570 है। सोमवार तक संदिग्ध मरीजों की संख्या 2878477 रही।
पंजाब में सोमवार को लुधियाना में 84, जालंधर में 28, पटियाला में 20, एसएएस नगर में 118, अमृतसर में 32, गुरदासपुर में 1, बठिंडा में 23, होशियारपुर में 45, फिरोजपुर में 3, पठानकोट में 2, संगरूर में 6, कपूरथला में 6, फरीदकोट में 19, मुक्तसर में 15, फाजिल्का में 4, मोगा में 8, रोपड़ में 7, फतेहगढ़ साहिब में 3, एसबीएस नगर में 3, मानसा में 11 और बरनाला में 7 मरीज सामने आए हैं।
मेडिकल छात्र की संक्रमण से मौत
कोविड काल में मरीजों की देखभाल करते हुए कोरोना संक्रमित हुए मेडिकल छात्र की मौत हो गई। पंजाब के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री ओम प्रकाश सोनी ने बाबा फरीद मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी की मौत पर दुख प्रकट किया है। इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हमदर्दी जाहिर करते हुए सोनी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि छात्र की बीते दिनों कोविड मरीजों की देखभाल के दौरान कोरोना संक्रमित होने के कारण मौत हो गई थी।