पंजाब की पटियाला विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को जिताने के लिए कैप्टन भी मोदी की राह पर चल पड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चाय पे चर्चा कंसेप्ट को अपनाते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस सीट पर परनीत कौर की जीत को यकीनी बनाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पहली चाय पे चर्चा कार्यक्रम महिंदरा कॉलेज के साथ सटती कॉलोनियों में शुरु किया। जहां पर इलाके के शीर्ष एवं आम लोगों के बीच चाय की चुस्कियां ली। इन चुस्कियों के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह लोगों के मुखातिब हुये।
कहीं लोगों ने उनकी खुद की शिकायतें की तो कहीं पर लोग विकास न होने की शिकायतें करते नजर आये। हालांकि शहर के कुछ इलाकों में कैप्टन अमरिंदर सिंह का यह अंदाज आम लोगों को पसंद आ रहा है। कारण है कि अभी तक कैप्टन अमरिंदर सिंह लोगों के इतना नजदीक नहीं पहुंच रहे थे।
कांग्रेस को काफी अच्छा रिसपांस
कांग्रेसी नेताओं के मुताबिक चाय पे चर्चा चुनाव प्रचार का ऐसा कंपेन बनाया गया है जिसमें न तो ज्यादा तामझाम है और न ही रैली की भीड़। काफी संख्या में लोग अपनी समस्यायें लेकर उनके पास पहुंच रहे हैं। हालांकि कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से उन्हें जीताने के साथ साथ अपनी सरकार आने का ढांढस बंधाया जा रहा है।
कांग्रेसी नेता शैलेंदर मोंटी के मुताबिक इस कार्यक्रम में कांग्रेस को काफी अच्छा रिसपांस मिल रहा है। कारण है कि लोग कैप्टन अमरिंदर सिंह के पास जाकर उनसे बात कर रहे हैं। पूर्व मुख्य मंत्री से बातचीत कर अपनी समस्या रखना लोगों को पसंद आ रहा है।
आम लोगों से मिल रहे कांग्रेसी नेता
कैप्टन अमरिंदर सिंह लीला भवन के साथ सटती कॉलोनियों में भी पहुंच रहे हैं। वहीं कांग्रेस से जुड़े कुछ सूत्र यह भी स्वीकार कर रहे हैं कि चाय पे चर्चा कार्यक्रम में कांग्रेसी नेताओं के घर पर ही आम लोगों से बातचीत हो पा रही है। जिससे पीड़ित लोग उन तक पहुंच नहीं बना पा रहे हैं।
इसलिये प्रयास किया जा रहा है कि यह चर्चा ऐसी जगहों पर रखी जाये जहां आने में आम लोगों को दिक्कत महसूस न हो। इस चर्चा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को तैयार किया जा रहा है कि वो आगामी चाय पे चर्चा कार्यक्रम में ऐसे लोगों की संख्या को बढ़ायें जो कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य न हों। क्योंकि उन लोगों को आगे आने का मौका दिया जाये जो कांग्रेस से जुड़ना चाहते हैं।