स्पीकर ने कांग्रेस विधायकों को शांत करना चाहा लेकिन सभी ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद सदन में एक तरफ विश्वास मत पर चर्चा शुरू हुई तो वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट कर दिया और सदन से बाहर निकल गए। नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि हम जनहित के मुद्दों पर चर्चा बुलाना चाह रहे थे लेकिन सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
विधायकों को नियंत्रित करने के लिए बुलाए मार्शल
सदन में स्थिति बिगड़ती देख वेल में महिला और पुरुष मार्शल बुला लिए गए। कांग्रेस विधायक वेल में नारेबाजी करने लगे तो लगभग दो दर्जन मार्शलों ने मानव श्रृंखला बनाते हुए विधायकों को घेर लिया। काफी देर तक सदन में हंगामा होने के बाद विश्वास मत पर चर्चा के साथ ही विधायक सदर से बाहर आ गए।
ताई जी सदन च हैगे तां हुण सानूं तवज्जो देनी पैणी
विधानसभा सत्र के दौरान नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा शून्यकाल पर अड़े थे, इसी दौरान हाउस की ओर से सूचना मिली कि विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां की माता भी सदन में मौजूद हैं। सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस पर नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने चुटकी लेते हुए स्पीकर को संबोधित किया कि ताई जी सदन च हैगे तां हुण सानूं तवज्जो देनी पैणी स्पीकर साहब। मैं भी वेखदा तुसी माता जी दे आण दा किन्ना सम्मान करदो। इस पर थोड़ी देर के लिए सदन का माहौल बदल गया। इसके बाद स्पीकर ने बाजवा को प्रश्न करने की इजाजत दी।