-पूर्व मंत्री रणदीप सिंह ने डीएसपी को सौंपा मांग पत्र
-
मंडी गोबिंदगढ़। हाल ही में संपन्न ब्लॉक समिति चुनावों के दौरान अमलोह के गांव दीवां गंडूआं में हुई झड़प के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना अमलोह के बाहर जोरदार धरना दिया। इस धरने का नेतृत्व पंजाब के पूर्व मंत्री रणदीप सिंह नाभा ने किया। उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगवीर सिंह सलाना, संजीव दत्ता, अरविंद सिंगला, पूर्व चेयरमैन जसमीत सिंह राजा, पूर्व डिप्टी एडवोकेट जनरल तेजिंदर सिंह सलाना, गुरप्रीत सिंह गरेवाल और गुरमुख सिंह नरैणगढ़ सहित कई नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव में आकर समिति सदस्य बिक्कर सिंह की पत्नी और बहू को हिरासत में लेने का प्रयास किया। वहीं, हरप्रीत सिंह खन्ना को कथित अवैध हिरासत में रखा गया। इसके अलावा, पार्टी के पोलिंग एजेंट मनवीर सिंह और 85 वर्षीय जसमेल सिंह के साथ मारपीट की घटना में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि पूर्व समिति सदस्य और उनके बेटे सहित सात लोगों के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर दिया।
न्याय दिलाने का आश्वासन
पूर्व मंत्री रणदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने मामले की सूचना डीआईजी रोपड़ रेंज और एसएसपी फतेहगढ़ साहिब को दी। इसके बाद थाना अमलोह और बुग्गा चौकी के प्रभारी का तत्काल तबादला कर दिया गया और हिरासत में लिए गए हरप्रीत सिंह खन्ना को रिहा कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया। धरने के दौरान डीएसपी गुरदीप सिंह संधू ने मांग पत्र प्राप्त कर कार्यकर्ताओं को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। रणदीप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे हाईकोर्ट तक जाएंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान नहीं होने देंगे।
इस अवसर पर एडवोकेट बलजिंदर सिंह भट्टो, काउंसलर जसविंदर सिंह बिंदर, महिला कांग्रेस प्रधान नीलम रानी, डॉ. स्वतंत्र करकरा और अन्य कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।