पंजाब के मोगा से शुरू हुई राहुल गांधी की 'खेती बचाओ यात्रा' अपने आखिरी दिन हरियाणा पहुंची। हरियाणा पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने पटियाला के फ्रांसवाला से हरियाणा सीमा तक आठ किमी तक खुद ट्रैक्टर चलाया। इस दौरान उनके साथ ट्रैक्टर पर पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ और पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत मौजूद रहे। वहीं हरियाणा सीमा से कुमारी सैलजा ने ट्रैक्टर की कमान संभाली। पंजाब में सुनील जाखड़ ने राहुल गांधी के सारथी की भूमिका निभाई। वहीं कुरूक्षेत्र के पिहोवा में फिर राहुल गांधी ट्रैक्टर चला रैली स्थल तक पहुंचे।
हरियाणा-पंजाब सीमा पर हुआ हंगामा
इससे पहले हरियाणा-पंजाब सीमा पर धक्का-मुक्की का माहौल भी देखने को मिला। हरियाणा पुलिस ने राहुल गांधी के काफिले को मारकंडा नदी के पुल पर रोक दिया। जिसके बाद पुल पर ही पंजाब के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और हरियाणा पुलिस के बीच टकराव हो गया।
45 मिनट तक पुल पर ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा करते हुए बवाल काटा। इस दौरान पुलिस को पंजाब के कार्यकर्ताओं पर लाठियों से बल प्रयोग भी करना पड़ा। पंजाब के कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेता राहुल गांधी को हरियाणा की सीमा के अंदर तक छोड़कर आने की जिद पर अड़े रहे। हरियाणा पुलिस भी उन्हें वहीं रोकने पर अडिग रही।
अंतत: पंजाब के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने वही पुल पर जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा कर दिया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पुल पर लगाए हरियाणा पुलिस के बैरीकेड उठाकर पुल से नीचे नदी में फेंक दिए। इस दौरान हरियाणा पुलिस को कार्यकर्ताओं पर लाठियों से थोड़ा बल प्रयोग भी करना पड़ा। स्थिति को बिगड़ता देख हरियाणा पुलिस ने भी पुल पर लगाए गए सभी बैरिकेडिंग हटा दिए और राहुल गांधी के काफिले को हरियाणा सीमा में दाखिल होने दिया।