दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रधान अजय माकन ने कहा है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता से किया कोई वादा पूरा नहीं किया।
उन्होंने पंजाब के लोगों को आगाह किया है कि वह दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के झूठे दावों से सावधान रहें। पंजाब में विधानसभा चुनाव को देखते हुए आप यहां झूठा प्रचार कर रही है। दिल्ली के लोग तो एक साल बाद खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कहीं, पंजाब के लोगों के साथ भी ऐसा न हो।
कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेस के दौरान माकन ने कहा कि आप सरकार ने एक साल के कार्यकाल में एक भी वादा पूरा नहीं किया। दिल्ली कांग्रेस ने इसके विरोध में 14 फरवरी को छलावा दिवस मनाया था। पंजाब में 2017 में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। दिल्ली कांग्रेस कमेटी नहीं चाहती कि पंजाब के लोग भी वही झेलें जो दिल्ली के लोग भुगत रहे हैं। क्योंकि केजरीवाल सरकार ने उनके विश्वास को चोट पहुंचाई है, उन्हें धोखा दिया है।
उन्होंने कहा कि आप सरकार ने करदाताओं के पैसे को अपनी सरकार की झूठी उपलब्धियां प्रचारित करने में बहा दिया। वह सब कुछ झूठ का पुलिंदा था। आप सरकार ने सिर्फ पिछली कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का क्रेडिट लिया। उन सभी कार्यों के नींव पत्थर कांग्रेस के कार्यकाल में रखे गए थे।
उन्होंने कहा कि आप सरकार ने अपने प्रचार के लिए 526 करोड़ का बजट रखा है। जबकि मुलाजिमों को वेतन और बुजुर्गों, विकलांगों व विधवाओं को पेंशन देने के लिए सरकार के पास पैसे नहीं हैं। आप ने विकास का एक पत्थर नहीं रखा। शराब की बिक्री बढ़ने को अपनी बड़ी उपलब्धि बताया। दिल्ली का लोकपाल देश का सबसे कमजोर लोकपाल है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग अब आप को सबक सिखाने का मौका ढूंढ रहे हैं। जोकि उन्हें नगर निगम के 13 वार्डों के उप चुनाव में मिल जाएगा। भ्रष्टाचार के खात्मे की बातें करने वाली आप ने अपने दो सांसदों को सस्पेंड कर दिया। क्योंकि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र ही नहीं है। जबकि, भ्रष्टाचार के आरोपी तीन मंत्री अभी भी पदों पर बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिन लोगों ने पैसे लेकर टिकट और मंत्रिपद बांटे वही पंजाब के इंचार्ज बने हुए हैं। पंजाब को नशामुक्त बनाने का दावा करने वाले केजरीवाल दिल्ली में ड्रग्स का कारोबार नहीं रोक सके। पंजाब ने बुरा वक्त देखा है, दिल्ली कांग्रेस नहीं चाहती कि आप स्थितियां और खराब कर दे। वह गांव-गांव जाकर दिल्ली सरकार की तसवीर लोगों के सामने रखेंगे।
एक सवाल पर माकन ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा कहा है कि 1984 के सिख दंगों के दोषियों एक्शन होना चाहिए। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव कुलजीत नागरा, दिल्ली कांग्रेस की प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी भी मौजूद थे।