चंडीगढ़। डड्डूमाजरा एरिया के साथ ही मृत जानवरों के शवदाह गृह के निर्माण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर निर्णय लिया कि किसी भी सूरत में यह शवदाह गृह नहीं बनने दिया जाएगा और पार्टी के कार्यकर्ता इसके विरोध में भूख हड़ताल करेंगे। यह भूख हड़ताल क्रमिक रूप से जारी रहेगी। इस संबंध में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से मुलाकात करके शवदाह गृह के निर्माण का निर्णय वापस लेने की मांग करेगा।
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने बताया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पार्टी की बैठक में वरिष्ठ नेता सुभाष चावला, डीडी जिंदल, जतिंदर भाटिया, देवेंद्र सिंह बबला, सुरिंदर सिंह, विनोद शर्मा, संदीप भारद्वाज, एचएस लक्की, शीला देवी, गुरबख्श रावत, सतीश केंथ, दीपा दुबे, कमलेश, हरमेल केसरी, यादविंदर मेहता, जीत सिंह, सोनिया, ममता ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि डड्डूमाजरा क्षेत्र के पास जानवरों के शवदाह गृह प्लांट का भाजपा शासित नगर निगम के फैसले का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। छाबड़ा ने बताया कि मंगलवार से चंडीगढ़ कांग्रेस क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेगी। मांगे माने जाने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। छाबड़ा ने कहा कि सांसद किरण खेर और सभी भाजपा पार्षद यह वादा करके सत्ता में आए थे कि अगर उन्हें वोट दिया जाता है तो डड्डूमाजरा इलाके में डंपिंग ग्राउंड और जेपी प्लांट को बंद कर दिया जाएगा लेकिन भाजपा ने कुछ नहीं किया।