चंडीगढ़। सदन की बैठक नगर निगम में न बुलाने पर कांग्रेस पार्षद 20 अक्तूबर को महापौर कार्यालय का घेराव करेंगे। बुधवार को कांग्रेस पार्षदों ने बैठक कर तय किया कि भाजपा जब जबाव देने से भाग रही है तो अब घेराव ही एकमात्र विकल्प बचा है।
नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र सिंह बबला ने बताया कि कांग्रेस के सभी पार्षदों ने बैठक की। इसके बाद महापौर राजबाला मलिक को पत्र लिखकर कहा कि कुर्सी के चक्कर में पिछले माह की बैठक नहीं करवाई गई, जबकि वरिष्ठ उप महापौर व उप महापौर भी इस बैठक को करवा सकते थे। महापौर अपना कार्यकाल पूरा करने में लगी हैं।
सदन में एजेंडा पास करवाए बिना सेक्टर-23 में दुकानदारों का किराया बढ़ा दिया, जो गरीबों के साथ अन्याय है। पानी के रेट से शहर में हाहाकार मचा हुआ है। शहर में पहली बार ऐसा हुआ कि सदन की बैठक नहीं हुई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत भी झूठ बोलकर नंबर बढ़वाने का प्रयास किया गया। डड्डूमाजरा में कचरे का पहाड़ कम नहीं हो रहा है। लायंस और टीडीएस जैसी कंपनियां सफाई के लिए करोड़ों ले रहीं हैं, लेकिन शहर 16वें स्थान पर आ रहा है। इन सभी सवालों के जबाव देने के लिए सदन की बैठक बुलानी ही होगी। इसलिए सदन की बैठक से पहले महापौर दफ्तर का घेराव किया जाएगा। बैठक में गुरबख्श रावत, शीला फूल सिंह, सतीश कैंथ, रविंदर कौर गुजराल मौजूद रहीं।