पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि सत्ता में आने पर वह स्टॉक की फिजिकल वेरिफिकेशन करवाएंगे। राज्य के लोगों की मेहनत का एक-एक पैसा बादल एंड कंपनी से वसूला जाएगा। इनको भी नहीं बख्शा जाएगा।
कैप्टन ने कहा कि पहले भी उन्होंने सुनिश्चित किया था, अब फिर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन्हें जेल भेजा जाएगा। सत्ता में आने के बाद वह सुनिश्चित करेंगे कि बादल पिता-पुत्र की ओर से चोरी किया पैसा राज्य के खजाने में वापस लाया जाए।
2007 में सरकार बनने के बाद से ये जनता को लूटते आ रहे हैं, अब बहु-करोड़ी अनाज घोटाला भ्रष्टाचार के मामले में इनके सिर का ताज है। कैप्टन ने कहा कि 2002 में उन्होंने कार्यभार संभाला तो पंजाब के सिर केंद्र का 4500 करोड़ रुपये बकाया था, जो उनकी सरकार ने सफलतापूर्वक उतार दिया था। पर बादल सत्ता में आए तो राज्य कर्ज के जाल में फंसता ही गया।
बीस सालों में इसके पचास हजार करोड़ तक पहुंचने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कैग ने भी जांच में घोटाले के तहत सरकार पर लगाम लगाने को पुख्ता सबूत इकट्ठे किए हैं। बादलों के अपराधों का हर्जाना पंजाब के लोग नहीं भुगतेंगे।
अप्रैल में विजिलेंस को दी शिकायत में प्रदेश कांग्रेस ने कहा था कि कैग व आरबीआई की जांच में सामने आया है कि 32 हजार करोड़ के स्टॉक का गायब होना केंद्रीय फंडों में अनियमितता का मामला है। पार्टी प्रवक्ता सुनील जाखड़ ने कहा था कि कैग ने जब ढुलाई के वाहनों की जांच की तो 87 रजिस्ट्रेशन नंबर दोपहिया वाहनों के मिले, जिससे साफ है कि अनाज कभी गोदामों में पहुंचा ही नहीं।