लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस और भाजपा नेताओं को पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से धमकी भरे कॉल आने लगे हैं। इन धमकियों के पीछे की सच्चाई क्या है, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है। नेताओं ने इसे लेकर एसएसपी चंडीगढ़ को शिकायत सौंप कर सुरक्षा की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की को मंगलवार को इस तरह की कॉल आईं हैं, जबकि प्रदेश भाजपा सचिव संजीव राणा को 19 मार्च को धमकी भरी कॉल आई थी।
जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की ने एसएपी चंडीगढ़ को सौंपी शिकायत में बताया कि वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष होने के साथ लोकसभा टिकट के दावेदार भी हैं। लक्की ने कहा कि मंगलवार सुबह उन्हें व्हाट्सएप पर पाकिस्तान के नंबर से दो कॉल आईं। कॉल करने वाले ने पंजाबी में कहा- लक्की पुत बोलदा नहीं- कोई न तेरा इलाज कर देयांगे। इसके बाद एक और कॉल इसी नंबर से आई जो उन्होंने नहीं उठाई। उन्होंने बताया कि इससे पहले डिप्टी मेयर के चुनाव के दौरान भी उन्हें पाकिस्तान के एक नंबर से कॉल आई, जिसमें धमकी देने वाला उनके बेटे के बारे में पूछ रहा था। लक्की ने पुलिस से उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
वहीं, दूसरी ओर भाजपा प्रदेश सचिव संजीव राणा को 8 दिन पहले अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर धमकी दी गई, जिसे लेकर आज तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। संजीव राणा ने बताया कि 19 मार्च को उन्हें व्हाट्सएप पर प्राप्त एक धमकी भरे फोन कॉल के संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। हालांकि अभी तक सिर्फ इतना ज्ञात हुआ है कि जिस मोबाइल नंबर से उपरोक्त तिथि को करीब 8.20 बजे कॉल की गई थी वह पाकिस्तान का है।
बहरहाल यह धमकी किसी की शरारत है या असल में धमकी देने वाला कोई व्यक्ति है, इस बात का खुलासा नहीं हो सका है। अभी इसकी जांच होनी है। व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत के दौरान कॉल करने वाले व्यक्ति ने जमकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और बीच-बीच में कई बार बातचीत के दौरान धमकी भी दी थी। भाजपा नेता ने इस बात को लेकर रोष जताया है कि संबंधित आरोपी व्यक्ति पर अभी तक ठोस कार्रवाई के नाम पर सिर्फ जांच की जा रही है, जबकि इस तरह के तत्व सक्रिय होकर लोगों में दहशत पैदा करने का काम कर रहे हैं।