पंजाब यूनिवर्सिटी अगस्त का वेतन शिक्षकों व कर्मचारियों को समय से देगा। पैसे की व्यवस्था पीयू के पास हो गई है, लेकिन अगले माह वेतन का संकट खड़ा हो सकता है। इसके लिए दूसरे मदों से उधार लेना पड़ सकता है। कई दिनों से पीयू के शिक्षकों व कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
सभी को चिंता सता रही थी कि उनका वेतन मिलेगा या नहीं, क्योंकि पीयू के पास पैसे का अभाव है और केंद्र सरकार से नई ग्रांट नहीं मिल पाई। पिछले माह में मिली वेतन की ग्रांट में से कुछ रकम पीयू के खाते में है। बाकी पांच से सात करोड़ रुपये की जरूरत महसूस हो रही थी।
इसी बीच पीयू ने एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी। छात्रों ने फीस जमा की तो पीयू के खजाने में पैसे आने लगे और धीरे-धीरे वेतन की रकम पूरी होती गई। सूत्रों का कहना है कि अगस्त माह का वेतन पीयू समय से दे देगी, लेकिन सितंबर माह की वेतन का संकट खड़ा हो सकता है।
हालांकि केंद्र सरकार से वेतन बजट की मांग की गई है। उसके मिलने की उम्मीद है। पीयू ने यह भी साफ किया है कि पहले स्थाई लोगों को वेतन दिया जाएगा। प्राइवेट कर्मी अभी नहीं रखे जाएंगे, क्योंकि पैसे का संकट खड़ा हुआ है।