चंडीगढ़ के सेक्टर-30 में साढ़े चार करोड़ में बने कम्युनिटी सेंटर की सांसें ढाई महीने में ही उखड़ने लगी हैं। अभी तक इसमें एक भी कार्यक्रम नहीं हुआ लेकिन सीलिंग टूट कर गिर रही है। सीलन की वजह से दीवारें खराब होने लगी हैं। मुख्य हॉल में पानी टपक रहा है। 11 जुलाई को इसका उद्घाटन किया गया था। इतने कम दिनों में इसका यह हाल होना समझ से परे है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेंटर को बनाने में हुए भ्रष्टाचार का ये नतीजा है।
स्थानीय लोगों की मांग पर वर्ष 2018 में सेक्टर-30 में नया कम्युनिटी सेंटर बनाने का फैसला हुआ। 28 फरवरी 2019 को नींव रखी गई। जून 2022 में काम पूरा हुआ और 11 जुलाई को सांसद किरण खेर ने इसका उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद से अब तक सेंटर आम लोगों के लिए बंद है। इसमें कोई कार्यक्रम नहीं हुआ है क्योंकि नगर निगम ने इस कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग अभी तक शुरू नहीं की है। बावजूद इसके कम्युनिटी सेंटर की हालत खराब हो गई है। पहले फ्लोर और मेन हॉल की दीवारों में सीलन आ गई है। पहले फ्लोर के कई कमरे जिनमें जिम हॉल, फैमिली हॉल और स्टोर रूम सबसे ज्यादा बुरी स्थिति हैं।
जिम हॉल के अंदर की एक फॉल सीलिंग शीट भी टूट कर गिर चुकी है। सेंटर की लगभग सभी दीवारों में सीलन है जिसकी वजह से कमरों में बदबू फैल रही है। इसके अलावा मेन हॉल में पानी टपक रहा है। सोमवार को अमर उजाला ने मौके पर जाकर देखा तो धूप निकलने के बावजूद पानी टपक रहा था। बाहर से देखने पर भी कम्युनिटी सेंटर की लाल दीवारें सफेद होती जा रही हैं।
अब तक बिजली का टेंपरेरी कनेक्शन
इस कम्युनिटी सेंटर में टेंपरेरी बिजली कनेक्शन ही चल रहा है। अगले कुछ दिनों में कनेक्शन मिलने की संभावना है। उद्घाटन होने के ढाई महीने बाद भी इसकी बुकिंग इसलिए शुरू नहीं हो पाई है क्योंकि निगम ने बुकिंग चार्जेस तय नहीं किए हैं। सांसद किरण खेर ने उद्घाटन करते हुए कम्युनिटी सेंटर की काफी तारीफ की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब भ्रष्टाचार की वजह से हुआ है। सेंटर को बनाने में घटिया क्वालिटी के समान का इस्तेमाल हुआ है, जिसकी वजह से बिना कार्यक्रम हुए ही इसकी सांसें उखड़ने लगी हैं।
एक नजर में कम्युनिटी सेंटर
01 एकड़ के करीब एरिया
18,500 स्क्वायर फुट कवरिंग एरिया
500 लोगों की क्षमता
बेहद गंभीर मामला, प्रशासक से करेंगे शिकायत
ये बहुत ही गंभीर मामला है। हमें पता चला कि जगह-जगह पानी टपक रहा है। सीलिंग टाइल्स टूट कर गिर रही है। चारों तरफ पानी के रिसाव के कारण सीलन आ गई है। ठेकेदार की चीफ इंजीनियर से लेकर प्रशासक तक को शिकायत करेंगे और प्रशासन से ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी करेंगे।
- तरुणा मेहता, स्थानीय पार्षद
ऐसा होना नहीं चाहिए, कराएंगे जांच
ये समस्या इतनी जल्दी नहीं आनी चाहिए। मुझे पता चला था कि कम्युनिटी सेंटर की छत पर पाइप की ब्लॉकेज है। सेंटर के पास दो बड़े पेड़ है। बारिश में ये समस्या आई थी। उसे ठीक कर लिया गया है। एक साल तक जिम्मेदारी ठेकेदार के पास ही है, वो ही इसे ठीक कराएगा। मैं जांच कराऊंगा कि क्यों ऐसा हुआ है।
- सीबी ओझा, चीफ इंजीनियर, यूटी प्रशासन