शहर के सरकारी स्कूलों में कार्यरत लगभग 70 कांट्रैक्ट कंप्यूटर टीचर्स ने सोमवार को भी रेगुलर किए जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के मुल्लांपुर दौरे के मद्देनजर शहर में धारा 144 लगाई गई थी। दोपहर करीब 11 बजे कंप्यूटर टीचर्स सेक्टर-16 चौक पर एकजुट होकर मुल्लांपुर की ओर कूच करने की तैयारी में थे।
यूटी कैडर एजूकेशनल इंपलाइज यूनियन प्रधान स्वर्ण सिंह कंबोज की अगुवाई में शिक्षकों ने पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर जाना शुरू कर दिया। पुलिस के रोकने पर भी शिक्षक नहीं माने।
आखिर में पुलिस ने सख्ती दिखाई और सभी शिक्षकों को गिरफ्तार कर सेक्टर-17 थाने में ले गई। चालीस से अधिक महिला शिक्षक भी विरोध प्रदर्शन में शामिल थीं।
शाम करीब सात बजे पुलिस ने विरोध करने वाले शिक्षकों को रिहा कर दिया। शिक्षकों से भविष्य में किसी तरह की हिंसक गतिविधि में हिस्सा नहीं लेने की चिट्ठी भी लिखवाई गई।
कंबोज ने बताया कि मंगलवार को आठवें दिन भी सेक्टर-20 की मस्जिद ग्राउंड में भूख हड़ताल जारी रहेगी। शिक्षा विभाग के किसी भी अधिकारी ने कांट्रैक्ट कंप्यूटर टीचर्स की बात सुनने के लिए अभी तक नहीं बुलाया है।