चंडीगढ़। सेक्टर-28 आईटीआई में कार्यरत एक कांट्रैक्ट इंस्ट्रक्टर पर संस्थान के प्रिंसिपल द्वारा की गई कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में एक सामाजिक कार्यकर्ता ने भी राष्ट्रपति भवन में शिकायत भेजी थी। अब शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी को यह शिकायत मार्क कर जांच करने को कहा गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता और इंस्ट्रक्टर ने आरोप लगाया था कि प्रिंसिपल ने एक अज्ञात व्यक्ति की शिकायत के आधार पर इंस्ट्रक्टर पर नशा बेचने का आरोप लगाते हुए सेवा से मुक्त कर दिया और संस्थान परिसर में प्रवेश पर भी रोक लगा दी। उनका कहना था कि न तो उन्हें कोई कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और न ही किसी प्रकार की जांच कराई गई।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान स्पष्ट नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि 16 दिसंबर 2025 को एक विद्यार्थी को 12,500 रुपये उधार दिए गए थे, जिसे 3 जनवरी 2026 को ऑनलाइन वापस कर दिया गया। इंस्ट्रक्टर का दावा है कि इस लेनदेन का नशे की खरीद-फरोख्त से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की प्रतियां भी विभाग को उपलब्ध कराई हैं। इंस्ट्रक्टर ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और बिना जांच और नोटिस के की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाए।