चंडीगढ़। मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव वीरवार को है। चुनाव प्रक्रिया सुबह 11 बजे से नगर निगम के असेंबली हॉल में शुरू होगी। भाजपा से मेयर पद की उम्मीदवार हरप्रीत कौर बबला और आम आदमी पार्टी व कांग्रेस गठबंधन की प्रत्याशी प्रेमलता के बीच मेयर पद का मुकाबला है। राजनीतिक दलों की ओर से मेयर चुनाव में जीत के लिए हर कोशिशें की जा रही हैं। बता दें कि राजनीतिक दलों ने क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए अपने-अपने पार्षदों को अलग-अलग जगह ठहराया है। आम आदमी पार्टी के पार्षद रोपड़ के कीकर लॉज में ठहरे हैं तो कांग्रेस के पार्षद लुधियाना में हैं।
भाजपा की ओर से मेयर पद के लिए हरप्रीत कौर बबला, सीनियर डिप्टी मेयर के लिए बिमला दुबे और डिप्टी मेयर पद के लिए लखबीर सिंह बिल्लू उम्मीदवार हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन की ओर से मेयर पद के लिए प्रेमलता, सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए जसबीर सिंह बंटी और डिप्टी मेयर के लिए तरुणा मेहता उम्मीदवार हैं। आप और कांग्रेस गठबंधन में मेयर पद आप को मिला है, जबकि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर कांग्रेस के पास है।
डिप्टी कमिश्नर ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश
चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने बुधवार को सेक्टर-17 स्थित म्युनिसिपल कार्यालय में नगर निगम, चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मेयर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। इसमें निष्पक्ष, पारदर्शी और कुशल चुनाव प्रक्रिया के महत्व पर जोर दिया गया। इस दौरान नगर निगम चंडीगढ़ तक पहुंचने वाले तीन मार्गों पर पुलिस की ओर से उचित बैरिकेडिंग के लिए कहा गया। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों (पुरुष और महिला) को तैनात किया जाएगा। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति नगर निगम चंडीगढ़ भवन के परिसर में प्रवेश न करे। असेंबली हॉल के अंदर आवश्यक संख्या में कैमरे तय स्थानों पर लगाए जाएंगे ताकि कार्यवाही और महत्वपूर्ण कार्यक्रम को विभिन्न कोणों से कैप्चर किया जा सके। वहीं, निर्धारित अवधि के लिए सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का बैकअप रखने की व्यवस्था होगी। बैठक के दौरान सर्वोच्च न्यायालय की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति जयश्री ठाकुर, प्रीजाइडिंग अफसर रमणीक सिंह बेदी, अतिरिक्त उपायुक्त अमनदीप सिंह भट्टी, संयुक्त आयुक्त गुरिंदर सिंह सोढ़ी, ईशा कंबोज व शशि वसुंधरा, एसडीएम साउथ खुशप्रीत कौर, आइपीएस प्रशिक्षु श्रीदेवी, निदेशक जनसंपर्क राजीव तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।