चंडीगढ़ में सेक्टर-40 के नए एसी कम्यूनिटी सेंटर का उद्घाटन शनिवार को होगा। उसके लिए जो निमंत्रण कार्ड प्रिंट करवाए गए हैं उसमे मेयर अरुण सूद का नाम शामिल नहीं है और न ही मेयर इस उद्घाटन में शामिल होंगे। उद्घाटन नगर निगम कमिश्नर बी पुरुषार्था करेंगे। यह इस साल का पहला उद्घाटन है।
मालूम हो कि हाल ही में मेयर अरुण सूद ने सेक्टर-40 में नई डिस्पेंसरी के निर्माण संबंधी प्रस्ताव सदन में आने से रोका था लेकिन कांग्रेस के हंगामे के बाद जब यह प्रस्ताव लाया गया तो भाजपा से उसे पास नहीं होने दिया। सूत्रों का कहना है कि भाजपा चाहती थी कि इस नए बने सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन मेयर अरुण सूद करें, लेकिन कांग्रेस और वार्ड पार्षद गुरबख्श रावत इसके लिए तैयार नहीं थीं।
जब से अरुण सूद मेयर बने हैं तब से उनके हाथ से भी कोई शहर में नए काम का उद्घाटन नहीं हुआ है। सामुदायिक केंद्र के उद्घाटन के लिए जो निमंत्रण कार्ड प्रिंट करवाए गए हैं, उनमे चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद और एसई एनपी शर्मा और वार्ड पार्षद गुरबख्श रावत का नाम शामिल है। उधर, कांग्रेस का कहना है कि अपने वार्ड में होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तय करने का अधिकार वार्ड पार्षद के पास होता है। उक्त सामुदायिक केंद्र की पूरी रेनोवेशन नए सिरे से की गई है।
सामुदायिक केंद्र की क्या है खासियत
सामुदायिक केंद्र की बाहर की दीवार को पूरा चाकलेटी रंग की टाइल से सजाया गया है
सामुदायिक केंद्र पूरी तरह से एसी है
दूल्हे और दूल्हन के कमरे पूरी तरह से फर्निश हैं
दो अलग से टायलेट के साथ साथ किचन, पेंट्री, टैरेस, मीटिंग लाउंज, जिम और लाइब्रेरी बनाई गई है।