पंचकूला। इस्त्राइल - ईरान युद्ध के असर के बीच पंचकूला मेंं जहां कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति ठप हो गई है। वहीं घरेलू गैस सिलिंडर बुक नहीं हो रहे हैं। उपभोक्ताओं को बुकिंग के पांच दिन बाद डिलीवरी मिल रही है। इस कारण परेशानी का सामना उपभोक्ताओं, होटल और कैटरिंग कारोबारियोंं को करना पड़ रहा है। शहर के सेक्टर -16 पंचकूला की पार्किंग मेंं आने वाली गाड़ी रोजाना नहीं आ रही है। घरेलू सिलिंडर की बुकिंग के पांच दिन बाद डिलीवरी हुई है। वहीं घरेलू गैस बुकिंग भी नहीं कर रहे हैं। 25 दिन बाद दूसरा सिलिंडर बुक करने वाले नियम पर घरेलू उपभोक्ता ज्यादा बुकिंग करवा रहे हैं। इस कारण उन्हेंं गैस मिलने में दिक्कत हो रही है।
गैस एजेंसियां भी उपलब्धता के आधार पर ही डिलीवरी दे रही हैं, जिसके कारण बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को पांच दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। सभी पेट्रोलियम कंपनियों से जुड़ी गैस एजेंसियों पर फिलहाल गैस की किल्लत तो नहीं है लेकिन आपूर्ति में देरी जरूर बढ़ गई है।
गैस की कीमत में बढ़ोतरी का असर भी उपभोक्ताओं पर पड़ा है। हाल ही में 60 रुपये की बढ़ोतरी के बाद घरेलू गैस सिलिंडर महंगा हो गया है। पहले उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर 862 रुपये में मिलता था लेकिन अब उसी सिलिंडर के लिए 920 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। सेक्टर -16 में गैस लेने आए रमेश चंद, सुनील ने बताया कि बुकिंग कराने के पांच दिन बाद डिलीवरी नहीं मिल पाई है। इस कारण परेशानी हो रही है। अभी तक इस समस्या का निदान नहीं हो पाया है
बुकिंग होगी तो ग्राहक को सिलिंडर लाना पड़ेगा
1 मार्च से कमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग बंद हो गई है। आज तक का स्टॉक था। कल से केटरिंग की बुकिंग बंद कर दी गई है। अगर कहीं बुकिंग होगी तो ग्राहक को सिलिंडर लाना पड़ेगा। तभी हम केटरिंग की बुकिंग कर पाएंगे। बाहर ब्लैक में तीन से चार हजार रुपये में सिलेंडर बिक रहा है।- मनोज अग्रवाल, अग्रवाल टेंट एंड केटरिंग, पंचकूला।
12 के बाद केटरिंग की बुकिंग बंद कर दी गई
एलपीजी संकट बढ़ गया है। पिछले चार दिनों से कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहा है। जो हमारे पास स्टॉक था, वह समाप्त हो चुका है। 12 मार्च के बाद केटरिंग की बुकिंग बंद कर दी गई है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की भारी कमी के चलते केटरिंग व्यवसाय ठप होने की कगार पर पहुंच गया है।- विजय सैनी, सेक्टर-17, पंचकूला।