कॉमेडी किंग मेहर मित्तल के निधन से कॉमेडी वर्ल्ड को बड़ा धक्का लगा है। उनके चले जाने से हर कोई शोक में डूबा हुआ है। कॉमेडी किंग मेहर मित्तल के नाम पर फिल्में चला करती थी। जिस फिल्म में उनका रोल नहीं होता था, वह फिल्म बिकती भी नहीं थी। यह कहना है कॉमेडी अदाकार गुरचेत चित्रकार का।
चित्रकार ने एक किस्सा बताते हुए कहा कि अभिनेता ऋतिक रोशन के नाना जे ओम प्रकाश ने राज बब्बर, नवीन निश्चल, प्रीती स्प्रू और किरण खेर के साथ पंजाबी फिल्म ‘आसरा प्यार दा’ बनाई थी। उस फिल्म को कोई डिस्ट्रीब्यूटर खरीदने को तैयार नहीं था, क्योंकि उस समय के दौर में हर पंजाबी फिल्म की शान मेहर मित्तल हुआ करते थे लेकिन उस फिल्म में मेहर नहीं थे।
जब किसी ने उन्हें यह बात बताई तो फिल्म टीम ने पंजाब आकर मेहर मित्तल को फिल्म में कहानी के अनुसार रोल देकर उनके कुछ सीन फिल्म में डाले तब जाकर फिल्म बिकी थी। कॉमेडी किंग मेहर मित्तल के निधन से कॉमेडी के क्षेत्र से जुड़े कलाकारों में भी शोक व्याप्त है।