चंडीगढ़। सेक्टर-46 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर देश भक्ति का रंग छाया रहा। मंदिर में 13वीं वाहिनी सीआरपीएफ, सेक्टर 43-सी चंडीगढ़ की कमांडेंट कमल सिसोदिया अपनी बटालियन के जवानों सहित महोत्सव में भाग लेने पहुंचीं। उन्होंने श्री कृष्ण की प्रतिमा के आगे माथा टेकते हुए देश की एकता-अखंडता व देशवासियों की सुरक्षा हेतु प्रार्थना की। इस अवसर पर मंदिर में मौजूद महिला संकीर्तन मंडली व श्रद्धालुओं ने भारत माता की जय एवं जय हिंद के नारे बुलंद किए। कमल सिसोदिया ने बाल गोपाल काे झूला भी झुलाया। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण उनके लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनको याद करते ही सारे विवाद, मुश्किलें या अन्य परेशानियां अपने आप ही हल हो जाती हैं। इस अवसर पर सीआरपीएफ की सेकंड इन कमांड रिगजेन एंगमो, उप कमांडेंट कमलेश केष्टवाल, सहायक कमांडेंट हरजिंदर सिंह व मेडिकल ऑफिसर डॉ. काव्य भी मौजूद रहे। मंदिर सभा के अध्यक्ष जितेंदर भाटिया व महासचिव सुशील सोवत, पंडित राहुल गोदियाल, गोपाल, शैलेंद्र व हरि कृष्ण आदि ने कमल सिसोदिया को सिरोपा व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।