चंडीगढ़। सेक्टर-27/28 के लाइट प्वाइंट के पास रविवार रात दो कारों में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में ऑडी कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचकूला सेक्टर-20 निवासी घायल कार चालक अमन राठी (22) को जीएमसीएच-32 में पहुंचाया, जहां वह उपचाराधीन है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) निवासी आरोपी दूसरे कार चालक हरमनदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अमन राठी ने बताया कि वह पंचकूला सेक्टर-20 में रहते हैं और नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। बीते 13 दिसंबर को वह चंडीगढ़ के सेक्टर-43 में अपने एक दोस्त से मिलने आए थे। रात करीब 11 बजे वापस लौटते समय सेक्टर 27/28 के लाइट प्वाइंट पर अनाज मंडी की तरफ से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी ऑडी कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे उनकी कार डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हो गई जबकि वह बुरी तरह घायल हो गए।