पंचकूला में प्रापर्टी और इंडस्ट्री में नई जान फूंकने के मकसद से कलेक्टर रेट 15 फीसदी कम कर दिए गए हैं।
पिछले पांच साल में पहली बार मंदी से जूझ रहे पंचकूला रियल इस्टेट मार्केट में जान फूंकने के लिए ऐसा कदम उठाया गया। हालांकि पहले कलेक्टर रेट 7700 रुपये था जो 25000 रुपये हो चुका हैं और दस से पंद्रह फीसदी रेट में कटौती के बाद यह रेट अभी भी 22 हजार रुपये के नीचे नहीं आया है।
पंचकूला-पिंजौर कालका में 10 से 15 प्रतिशत कलेक्टर रेट में कमी की गई है। मोरनी में 10 से 15 फीसदी कलेक्टर रेट बढ़ाया गया है। हालांकि पंचकूला के इंडस्ट्रियलिस्ट और प्रापर्टी डीलरों का कहना है कि सरकार एक बार में ही ज्यादा कटौती नहीं कर सकती है और आने वाले समय में एक बार फिर से रेट्स में कटौती की जा सकती है।
वीरवार को हुई पुराने रेट से रजिस्ट्री
वीरवार दोपहर तक पंचकूला में पुराने कलेक्टर रेट के हिसाब से ही रजिस्ट्री की गई। इसका कारण था कि कई लोगों ने रजिस्ट्री के लिए स्टांप एक दिन पहले ही खरीद लिए थे। इसके साथ ही नए रेट्स दोपहर तक अपलोड नहीं किए जा सके थे।
पंजाब में की गई तीन बार कटौती
पंजाब सरकार ने मोहाली में तीन बार कलेक्टर रेट में कटौती की है। कुछ समय पहले मोहाली में 15 फीसदी कलेक्टर रेट में कटौती की गई थी। जनवरी में मोहाली में 10 से 13 फीसदी की कटौती की गई। चंडीगढ़ प्रशासन में भी जनवरी में ही 15 से 25 फीसदी तक कलेक्टर रेट कम किया गया।
घग्गर पार 16 फीसदी तक कटौती
प्रॉपर्टी, फ्लैट, हाउस
- फोटो : डेमो फोटो
सेक्टर 19, एमडीसी घग्गर पार के सेक्टरों में प्लॉट्स के कलेक्टर रेट में 10 फीसदी से लेकर 16 फीसदी तक कमी की गई है। सेक्टर 19, 23 से 28, 29, 31 एमडीसी में हुडा के प्रेफरेंशियल प्लॉट्स में 10 फीसदी की कमी की गई है। वहीं, ऑर्डिनरी प्लॉट्स में 14 से 16 फीसदी की कमी की गई है। घग्गर पार के सेक्टर 23, 24, 25, 26, 27, 28, 31 में 3900 रुपए प्रति स्क्वेयर फीट से कम कर 3300 रुपए प्रति स्क्वेयर फीट किया गया है।
10 से 15 फीसदी तक कटौती
अभयपुर,आसरेवाली, बिल्ला, बूंगा, भैंसाटिब्बा, भानू, बीड बाबूपुर, बीड फिरोजपुर, बना मदनपुर, भूरेवाला, बीड घग्गर, बुढनपुर, चंडीमंदिर, चौकी, दूलोपुर, दबकोरी, धामसू, देवीनगर, फतेहपुर कलां, फतेहपुर खुर्द, फतेहपुर, हरिपुर, जसवंतगढ़, झूरीवाला, कुंडी, कोट, कनौली, खंगेसरा, खन्ना, खड़गमंगोली, खेतपुराली, माणक्यां, महेशपुर आदि में कलेक्टर रेट में 10 से 15 फीसदी कमी हुई है
कामर्शियल बूथ में ढाई से 11 फीसदी कटौती
कमर्शियल एरिया बूथ में 2.50 फीसदी से लेकर 11 फीसदी तक कमी की गई है। सेक्टर 20 में सबसे कम और सेक्टर 7, 8, 9, 11 सहित कुछ सेक्टरों में सबसे ज्यादा चेंज किया गया है। एससीएफ के कलेक्टर रेट में 9 फीसदी से 22 फीसदी तक कटौती की गई है। डबल स्टोरी शॉप में 6.30 फीसदी से लेकर 10.30 फीसदी तक कमी की गई है।
इंडस्ट्रियल एरिया में 10 से 11.30 फीसदी कटौती
क्लास टू अधिकारियों के संपत्ति ब्योरे को सार्वजनिक किया जाना जरूरी है।
इंडस्ट्रियलएरिया फेज 1 2 के प्लॉट्स में कलेक्टर रेट में 10 फीसदी से लेकर 11.30 फीसदी तक कमी की गई है। वहीं, यहां शेड्स आरसीसी कवर्ड एरिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कोट्स
कलेक्टर रेट को कम करने की मांग हम काफी समय से कर रहे थे। दस से पंद्रह फीसदी ही सही कुछ तो रेट्स कम किए गए। हां, इतना जरूर है कि मार्केट की स्थिति को देखते हुए रेट्स में थोड़ी और कटौती की जानी चाहिए।
जगदीप अत्री, प्रधान, पंचकूला प्रॉपर्टी डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन
हमारी मांग थी कि तीस फीसदी तक कलेक्टर रेट घटाएं जाएं। सरकार ने मांग को मानते हुए पंद्रह फीसदी तक रेट घटाएं हैं। कलेक्टर रेट्स में अभी और कटौती की गुंजाइश है। हम इसके लिए स्थानीय विधायक ज्ञानचंद गुप्ता को धन्यवाद देते हैं।
-सुरेश अग्रवाल, अध्यक्ष, हरियाणा स्टेट प्रॉपर्टी कंसलटेंट एसोसिएशन
हरियाणा सरकार द्वारा पंचकूला में कलेक्टर रेट्स को कम करने का कदम सराहनीय है। हां, अभी मार्केट को कंपटीटिव बनाने के लिए कामर्शियल और इंडस्ट्रियल कलेक्टर रेट्स में थोड़ी और कमी की जानी चाहिए।
विष्णु गोयल, अध्यक्ष हरियाणा चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री पंचकूला