चंडीगढ़। सोशल मीडिया पर आलू चिप्स में कॉकरोच निकलने का संदेश जैसे ही वायरल हुआ तो रेस्टोरेंट संचालक बैकफुट पर आ गया। ग्राहक को फोन कर पैसे लौटाए और सदस्यता देने का प्रस्ताव रखा, लेकिन ग्राहक ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया और कहा कि खाने में कुछ भी निकल सकता है।
सेक्टर- 8 स्थित एक रेस्टोरेंट में खाने के लिए एमसीएम डीएवी कॉलेज से पासआउट छात्रा सिमरन वहां पहुंची थी। उन्होंने आलू चिप्स ऑर्डर किए और कुछ ही देर में चिप्स आ गए। सिमरन ने आधे से अधिक आलू चिप्स खा लिए थे, लेकिन उसी दौरान चिप्स से एक कॉकरोच निकल आया। उसके बाद सिमरन को गुस्सा आ गया। उन्होंने संचालकों को खरी खोटी सुनाई और उसके बाद फोटो लेकर उस संदेश को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एक ही घंटे में वह संदेश हजारों लोगों तक पहुंच चुका था। रेस्टोरेंट संचालक पर कार्रवाई करने का संदेश अधिकांश लोग कर रहे थे। साथ ही उस रेस्टोरेंट का बहिष्कार करने को कहा गया। यह संदेश संचालक के पास पहुंचा तो उन्होंने सिमरन को फोन किया और माफी मांगी। कहा कि आगे से ऐसा नहीं होगा। सिमरन को 600 रुपये लौटाए। रेस्टोरेंट की सदस्यता का प्रस्ताव सिमरन ने ठुकरा दिया। हालांकि दोनों के बीच मामला निपट गया।