चंडीगढ़। पंजाब के लोगों को अब ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी के लिए परिवहन विभाग के कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब डाक विभाग आरसी और लाइसेंस लोगों के घरों तक पहुंचाएगा। यह सब कोविड 19 को ध्यान में रखकर किया गया है।
इसके लिए राज्य परिवहन आयुक्त पंजाब और चंडीगढ़ पोस्टल डिविजन के बीच एक समझौता हुआ है। इसकी पुष्टि चंडीगढ़ पोस्टल डिविजन के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पोस्ट ऑफिसेज मनोज कुमार ने की। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य परिवहन विभाग प्रदेशभर में ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, प्रमाण पत्र और स्मार्ट कार्ड के वितरण के लिए इंडिया पोस्ट की बीएनपीएल (बुक नाउ पे लेटर) योजना के तहत स्पीड पोस्ट सेवा का उपयोग करेगा।
डाक विभाग पंजाब राज्य परिवहन विभाग के एक केंद्रीय स्थान से दैनिक आधार पर लगभग पांच हजार आर्टिकल को लेने के लिए मुफ्त पिकअप सुविधा देगा। एकत्र आर्टिकल को बीएनपीएल केंद्र सेक्टर-17, चंडीगढ़ में बुक किया जाएगा। लाभार्थी एक विशिष्ट स्पीड पोस्ट ट्रैकिंग आईडी के साथ इंडिया पोस्ट की वेबसाइट पर अपने दस्तावेज को ट्रैक भी कर सकेंगे।