आपको नए साल में सीएनजी का तोहफा मिल सकता है। चंडीगढ़ प्रशासन ने इंडियन आयल और अदानी ग्रुप के इस प्रोजेक्ट की कुछ अन्य साइट्स को भी हरी झंडी दे दी है। साठ फीसदी साइट्स के लिए एनओसी क्लीयर की जा चुकी हैं। चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों की इंडियन आयल और अदानी ग्रुप के प्रतिनिधियों बीच हुई बैठक में गैस पाइप लाइन के लिए नए रूट प्लान पर चर्चा की गई।
इस रूट प्लान को जल्द मंजूरी मिल जाएगी। इसी मीटिंग में सीएनजी पंप के बारे में भी साइट्स पर चर्चा की गई। मीटिंग में बताया गया कि इंडियन आयल के सात गैस पंप को सीएनजी के लिए तैयार किया जा सकता है। इसके साथ ही शहरी योजना विभाग ने सीएनजी पंप के लिए कई नई साइट्स के बारे में जानकारी दी।
मीटिंग में अतिरिक्त ट्रांसपोर्ट सचिव एसके सेतिया, चीफ आर्किटेक्ट चंडीगढ़ कपिल सेतिया, चंडीगढ़ प्रशासन के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा, नगर निगम के इंजीनियर अर्जित सिंह, एक्जिक्यूटिव इंजीनियर करम चंद, सहायक टाउन प्लानर नरेश कुमार, फूड एंड सप्लाई विभाग के निदेशक जय राम सिंह और अदानी गैस प्राइवेट लिमिटेड से संजीव शर्मा मौजूद रहे।
प्राकृतिक गैस आएगी चंडीगढ़ में
चंडीगढ़ में प्राकृतिक गैस ही आएगी। एक पाइप लाइन के माध्यम से आने वाली इस गैस को ही घरों में सप्लाई किया जाएगा और उसको ही कंप्रेस करके सीएनजी पेट्रोल पंप में सप्लाई की जाएगी।
यह कंप्रेसर पेट्रोल पंप में लगाए जाएंगे। यह गैस पाइप लाइन राजपुरा से कनेक्ट कर दी जाएगी। आईओसी के एक अधिकारी ने कहा कि युद्ध स्तर पर स्टील पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है।
बीस किलोमीटर पड़ेगी पाइप लाइन
चंडीगढ़ में करीब बीस किलोमीटर लंबी गैस पाइप लाइन पड़ेगी। चंडीगढ़ में साढ़े चार किलोमीटर की पाइप लाइन कई साइट्स पर डाली जा चुकी हैं।
प्रशासन के एक अधिकारी के अनुसार, अदानी ग्रुप और इंडियन आयल कारपोरेशन के इस प्रोजेक्ट के लिए जो एनओसी चाहिए, उसमें से साठ फीसदी एनओसी दी जा चुकी हैं और दिसंबर के अंत तक सभी एनओसी मिल जाएंगी।
पहले फेज में 50 हजार उपभोक्ता
घरेलू गैस के पचास हजार उपभोक्ताओं को पहले फेज में गैस पाइप लाइन के माध्यम से सप्लाई की जाएगी। इसके साथ ही गैस पंप से सिटी के वाहनों में भी ईंधन दिया जाएगा।
सीएनजी वाहनों की लगेगी कतार
चंडीगढ़ में फिलहाल सीएनजी पंप न होने की वजह से यहां सीएनजी वाहनों की सेल नहीं होती है। सीएनजी पंप की खुलने के साथ ही कार कंपनियों और आम आदमी के लिए यह विकल्प भी खुल जाएगा।