पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल बुधवार सुबह पीजीआई पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका चेकअप किया। डॉक्टरों ने उन्हें दो दिन आराम की सलाह दी है। बादल ने एक अक्तूबर तक राज्यभर में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद कर दिए हैं। उनका मंगलवार को स्वास्थ्य खराब हो गया था।
सेहत ठीक न होने के बावजूद बादल युद्ध में मारे गए फौजियों के परिजनों से मिले। उन्हें सरकारी नीति के तहत प्लॉट या मुआवजा देने का भरोसा दिया। सीएम ने इस संबंध में सभी औपचारिकताएं पूरी करने को कुछ दिन का समय देने का आग्रह किया।
सरकारी नीति केतहत जंगों में मारे गए फौजियों के परिजनों को दस एकड़ का खेती योग्य प्लॉट दिया जाना था, लेकिन बहुत से परिवारों को अब तक जमीन नहीं मिली है, जिसे लेकर वे संघर्ष कर रहे हैं। उनकी मांग है कि अगर खेती योग्य जमीन उपलब्ध नहीं है तो सरकार मुआवजा दे। सीएम ने बैठक के दौरान ही दिल्ली गए वित्तायुक्त केबीएस सिद्धू से फोन पर बात की। उन्हें इन परिवारों के मामले में उचित हल निकालने को कहा। सिद्धू ने शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक का समय तय किया है। सीएम ने पहले ही यह मांग मान ली है कि जहां जमीन नहीं उपलब्ध है, वहां मुआवजा दिया जाए। मुआवजे की राशि शुक्रवार को होने वाली बैठक में तय की जाएगी। बैठक केबाद सीएम ने पीड़ित परिवारों को अपने-अपने घर जाने की अपील की।